Lucknow Flyover: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के लोगों के लिए राहतभरी खबर है। शहर में तीन नए फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा, इनके निर्माण होने से ट्रैफिक जाम से निजात मिलेगी। लखनऊ में विक्रमादित्य मार्ग पर दिलकुशा रेलवे क्रॉसिंग, गोमतीनगर में मल्हौर और दिलकुशा स्टेशन के बीच भरवारा क्रॉसिंग और अनूपगंज रेल क्रॉसिंग पर नए फ्लाईओवर को मंजूरी मिल गई है। जबकि तीन और फ्लाईओवर राजाजीपुरम से पारा रेलवे क्रॉसिंग, केशरीखेड़ा क्रॉसिंग, गोमतीनगर में ग्वारी क्रॉसिंग के लिए प्रस्तावित हैं। इनकी मंजूरी मिलना बाकी है।
लखनऊ में बनेंगे तीन नए फ्लाईओवर
आपको बता दें कि, वाहनों की आवाजाही में बढ़ोतरी के साथ शहर की सड़कों को फ्लाईओवर की जरुरत है, ताकि शहर के अंदर यातायात का दवाब न बढ़े और सीधी कनेक्टिविटी हो सके। याद रहे कि, आठ फ्लाईओवर पहले ही चालू हो चुके हैं, चार निर्माणाधीन हैं और तीन फ्लाईओवर स्वीकृत किए गए हैं।
लखनऊ को ट्रैफिक जाम से निजात मिलेगी
लखनऊ से सांसद राजनाथ सिंह के प्रतिनिधि दिवाकर त्रिपाठी ने बताया कि, लखनऊ को ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने के लिए तीन फ्लाईओवरों को मंजूरी दी गई है। विक्रमादित्य मार्ग पर दिलकुशा रेलवे क्रॉसिंग पर, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के करीब अनूपगंज रेलवे स्टेशन के पास और कानपुर-लखनऊ राजमार्ग पर जुनाबगंज। उन्होंने कहा कि, अब हम पारा को राजाजीपुरम से जोड़ने के लिए रेल ट्रैक पर एक फ्लाईओवर के लिए मंजूरी लेने पर जोर दे रहे हैं, इसके अलावा एक केशरी खेड़ा, तीसरा फ्लाईओवर ग्वारी क्रॉसिंग पर भी आरओबी का प्रस्ताव है।राजधानी में ये फ्लाईओवर अभी निर्माणाधीन
-लखनऊ में शहीदपथ से अमौसी एयरपोर्ट तक फ्लाईओवर का कार्य लगभग पूरा हो गया है। सेतु निगम के अफसरों ने बताया कि, एक महीने में यह लोकार्पण के लिए तैयार होगा।-राजधानी के राजाजीपुरम से आरएलबी अस्पताल को जोड़ने वाला फ्लाईओवर भी बनकर लगभग तैयार हो गया है। इस फ्लाईओवर को भी एक महीने बाद खोला जा सकता है।
-इसके अलावा आईआईएम रोड से सीतापुर रोड पर भिठौली तिराहे के ऊपर बन रहे फ्लाईओवर का काम दो माह में पूरा होने की उम्मीद है।
-लखनऊ के इंजीनियरिंग कॉलेज से मुंशीपुलिया के बीच खुर्रमनगर चौराहे पर भी फ्लाईओवर का निर्माण चल रहा है। यह फ्लाईओवर शुरू होने से चौराहे पर ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात मिलेगी।
