Liquor Policy In UP: उत्तर प्रदेश में पहली अप्रैल से देसी, अंग्रेजी शराब और बीयर के शौकीनों को जेब और ढीली करनी पड़ेगी। राज्य की अगले वित्तीय वर्ष 2023-24 की नई आबकारी नीति को कैबिनेट की बैठक में मंजूर मिल गई। नई नीति के मुताबिक, यूपी में फुटकर शराब और बीयर विक्रेताओं की लाइसेंस फीस दस फीसदी बढ़ जाएगी। इसके अलावा अब तक मॉडल शॉप पर शराब पिलाने पर दो लाख रुपये वार्षिक शुल्क देना पड़ता था, जिसे बढ़ाकर तीन लाख रुपये किया गया है। ऐसे में अनुमान यह लगाया जा रहा है कि यूपी में पहली अप्रैल से 25 फीसदी तीव्रता वाली देसी शराब का 200 मिलीलीटर का पव्वा 50 रुपये से बढ़कर 55 रुपये और 36 फीसदी तीव्रता वाला 200 एमएल का पव्वा 65 रुपये के बजाए 70 रुपये का हो जाएगा।
एक अप्रैल से यूपी में महंगी होगी शराब
इसके अलावा, सड़े हुए अनाज से बनाई जाने वाली 42.8 फीसदी तीव्रता वाली देसी शराब का 200 एमएलका पव्वा 75 के बजाए 80 रुपये में बिकने लगेगा। इसी तरह अंग्रेजी शराब के पापुलर ब्रांड में एक क्वार्टर पर करीब 10 रुपये बढ़ सकते हैं। बीयर की कीमतों में भी पांच से सात रुपये प्रति केन की बढ़ोतरी संभावित है।
