Lucknow News: देश के अलग-अलग हिस्सों से शहरी इलाकों में तेंदुए के दिखने कई वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुई है। इसी प्रकार की एक घटना अब उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से सामने आई है। रात के अंधेरे में तेंदुए को आशियाना इलाके में घूमता हुए देखा गया। इससे दो दिन पहले कैंट इलाके में भी देर रात तेंदुए को देखा गया था। इस तरह शहर में तेंदुआ दिखने से लोगों में दहशत का माहौल है। इस बीच शहर में तेंदुआ दिखने पर अखिलेश यादव ने ट्वीट करते हुए प्रदेश सरकार पर निशाना साधा और पूछा 'सरकार को पता चला क्या?'
रुचि खंड कॉलोनी में तेंदुआ दिखने के बाद दहशत
तेंदुआ दिखने का यह मामला कानपुर रोड एलडीए रुचि खंड कॉलोनी का है। यह घटना बुधवार रात की है। तेंदुए के दिखने की सूचना तुरंत वन विभाग को दी गई। लेकिन उसके बाद से उसका कुछ पता नहीं चला है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत बरकरार है। अभिभावक डर के कारण बच्चों को स्कूल नहीं भेज रहे। भय के कारण अपने-अपने घरों में छिपे लोगों ने शारदानगर वार्ड पार्षद हिमांशु आंबेडकर को इसकी सूचना दी और उन्होंने आगे वन विभाग को सूचित किया।
सीसीटीवी में दौड़ता दिखा तेंदुआ
वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर रात भर तेंदुए को ढूंढा, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल रहा है। इसके बाद रुचि खंड से जुड़े मौर्या टोला के पास सड़क पर जाते हुए तेंदुआ वहां लगे सीसीटीवी में कैद हो गया, इससे यह तो साफ हो गया है कि इलाके में तेंदुआ है। स्थिति को देखते हुए लोगों को सुरक्षित रहें और घर के अकेले बाहर जाने के लिए मना किया है। सुरक्षा के लिए वन विभाग की टीम इलाके में तैनात है और रात को लगातार गश्त की जा रही है।
अखिलेश ने सरकार से पूछा सवाल
पहले कैंट में फिर रुचि खंड में तेंदुआ दिखने की घटना सामने आने पर अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा किया और प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा "अब तो राजधानी तक आ गये... सरकार को पता चला क्या?"
