उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में एक महिला से सामूहिक बलात्कार करने और उसकी हत्या का प्रयास करने के मामले के मुख्य आरोपी के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई। जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मुठभेड़ के दौरान आरोपी जख्मी हो गया है। जिसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
दो साथी पहले ही गिरफ्तार
अपर पुलिस अधीक्षक नैपाल सिंह ने शनिवार को बताया कि पकड़े गए आरोपी की पहचान शमशाद के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि शमशाद ने उसे गिरफ्तार करने पहुंचे पुलिस दल पर गोली चलाई। जिसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की और इसी दौरान आरोपी के पैर में गोली लग गई।उन्होंने बताया कि शमशाद के दो साथियों राजीव और दीपेंद्र को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
14 अक्टूबर को किया गैंगरेप
सिंह ने बताया कि शमशाद ने राजीव और दीपेंद्र के साथ मिलकर 14 अक्टूबर को मितौली थाना क्षेत्र के गांव की एक महिला से सामूहिक बलात्कार किया था। उन्होंने बताया कि इसके बाद वे पीड़िता को गोली मारकर फरार हो गए थे। इस हमले में पीड़िता गंभीर रूप से घायल हो गई थी। इसके बाद मितौली थाने में इस मामले में राजीव, दीपेंद्र और शमशाद के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। सिंह ने बताया कि राजीव और दीपेंद्र को पहले एक गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया गया था, जबकि शमशाद को शुक्रवार देर रात मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया।
(इनपुट - भाषा)
