लखनऊ

यूपी में आंधी-बारिश के साथ भीषण ओलावृष्टि, फसलें नष्ट होने पर CM का ऐलान; 24 घंटे में बैंक खाते में आएगा मुआवजा!

यूपी में खराब मौसम के बीच आंधी बारिश और ओलावृष्टि से क्षतिग्रस्त फसलों का आकलन कर 24 घंटे के अदर मुआवजा भेजने का निर्देश दिया गया है। सीएम योगी ने कहा अगर किसी अधिकारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Image

यूपी में बारिश-ओलावृष्टि

लखनऊ : उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। बुधवार की रात से राज्य के कई हिस्सों में तेज हवाओं के झोंके के साथ बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में खराब मौसम, तेज हवा और ओलावृष्टि से अन्नदाता किसानों की फसलों को हुए नुकसान की क्षतिपूर्ति के लिए सर्वे कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों, एसडीएम और तहसीलदारों को मौके पर जाकर तत्काल सर्वे कराकर संबंधित विभाग को डिटेल उपलब्ध कराने के लिए आदेशित किया है ताकि 24 घंटे में अन्नदाताओं के खाते में क्षतिपूर्ति की धनराशि भेजी जा सके। इतना ही नहीं, सीएम योगी ने अधिकारियों को क्षतिपूर्ति देने में लापरवाही न करने की हिदायत दी है।अगर किसी अधिकारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

मालूम हो कि 9 अप्रैल की आधी रात को अचानक मौसम खराब हो गया, जिसके बाद तेज आंधी, ओलावृष्टि के साथ कई जगहों पर आकाशीय बिजली गिरी। इसे देखते हुए सीएम ने अधिकारियों को राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। सर्वे पूरा होने के बाद फसलों के नुकसान का मुआवजा बीमा कंपनियों के साथ राजस्व विभाग से भी दिया जाएगा। राहत विभाग ने खराब मौसम को देखते हुए अलर्ट जारी किया है और लोगों से अति आवश्यक कार्य पर ही घर से निकलने की अपील की है। सीएम के निर्देश पर राहत आयुक्त भानु चंद्र गोस्वामी ने ओलावृष्टि से हुए फसलों के नुकसान की क्षतिपूर्ति का मुआवजा किसानों को देने के लिए प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों, एसडीएम और तहसीलदारों को मौके पर जाकर सर्वे करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जल्द से जल्द विभाग के पोर्टल पर सर्वे रिपोर्ट लगाने के निर्देश दिए हैं।

कितना मिलता है मुआवजा?

बाढ़, ओलावृष्टि और बेमौसम बारिश से 33 प्रतिशत से अधिक क्षतिग्रस्त फसलों से प्रभावित अन्नदाताओं को ही मुआवजा दिया जाता है। राहत विभाग ने खराब मौसम को देखते हुए अलर्ट जारी किया है। ऐसे में विभाग ने लोगों को घरों से बहुत जरूरत होने पर ही बाहर निकलने की अपील की है ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि से बचा जा सके।

लखीमपुर खीरी में बुधवार शाम को तहसील गोला के ग्राम खजुहा, परगना कुकरा में अचानक भीषण आग से कई बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही लखीमपुर खीरी जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल नुकसान का जायजा लेने प्रभावित क्षेत्र में पहुंची। उन्होंने नुकसान का आकलन करने के साथ अन्नदाताओं से बातचीत की। साथ ही अन्नदाताओं को जल्द से जल्द मुआवजा देने का आश्वासन दिया।

जिलाधिकारी ने मौके पर ही अधिकारियों को तत्काल नुकसान का सर्वे करने के निर्देश दिए और जल्द से जल्द रिपोर्ट डीएम ऑफिस में सब्मिट करने के निर्देश दिए। डीएम ने कुछ ही घंटों में गुरुवार को आगजनी की घटनाओं से प्रभावित किसानों को बड़ी राहत देते हुए लखीमपुर सदर, मितौली और गोला तहसील के किसानों को फसल क्षति के एवज में सरकार द्वारा अनुमन्य धनराशि के चेक प्रदान किए।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!