Land Dispute in Jhansi: झांसी में जमीनी विवाद में खूनी घमासान की घटना सामने आई है। बुधवार को बिजौली महाराज नगर में अपनी जमीन को समतल करा रहे एक युवक और उसके पिता पर दबंगों ने लाठी-डंडों से हमला किया। जिससे दोनों का सिर फट गया। दबंगों ने उनकी गाड़ियों के साथ भी तोड़फोड़ की है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दबंगों ने दौड़ा-दौड़ा कर पीटा
यह घटना 25 सितंबर को दोपहर 2 बजे के करीब प्रेमनगर थाना क्षेत्र के बिजौली महाराज नगर में हुई। जहां पर हंसारी शिव नगर निवासी शिवम राय और उसके पिता भरत राय अपनी जमीन को समतल कराने का काम कर रहे थे। पीड़ित युवक शिवम राय ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि जमीन समतल कराने के दौरान सत्येंद्र यादव अपने गुर्गों के साथ आया और जमीन को लेकर विवाद करने लगा। जब पीड़ित ने इसका विरोध किया तो दबंगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और उन्हें लाठी-डंडों से दौड़ा-दौड़ा कर पीटने लगे। जिससे वहां भगदड़ मच गई।
पीड़ित के ऊपर की फायरिंग
दबंगों के हमले से पीड़ित के पिता भरत राय को सिर में गंभीर चोट लग गई और वे बेहोश होकर गिर गए। जब पीड़ित उन्हें उठाने लगा तो आरोपी ने उसपर कट्टे से फायरिंग की, लेकिन वह बाल-बाल बच गया। दबंगों ने पीड़ित की गाड़ियों पर भी लाठी डंडे बरसाकर उन्हें क्षतिग्रस्त कर दिया। आरोपियों ने पुलिस को आता देखकर उसे जान से मारने की धमकी देकर मौके से भाग निकले।
आरोपी के खिलाफ केस दर्ज
पुलिस ने आरोपी सतेंद्र यादव, रविंद्र सिंह, हर्ष यादव, राकेश बडेदा यादव, राकेश राय, रजनेश राय, नितेश राय, अमर सेन, शिवा सेन, साहिल ठाकुर, विवेक यादव, रबी पासी समेत 20 लोगों के खिलाफ गम्भीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। SP सिटी ज्ञानेंद्र कुमार सिंह का कहना है कि इस घटना में जो लोग वांटेड हैं इनको जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा और अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
