Atiq Ahmed Murder: गैंगस्टर अतीक अहमद की सनसनीखेज हत्या के बाद उसकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलासा हुआ है कि उसे कुल 9 गोलियां लगी थीं। एक गोली उसके सिर पर लगी। 15 अप्रैल को प्रयागराज में मेडिकल जां चके लिए ले जाते समय तीन युवकों ने अतीक और उसके भाई अशरफ की हत्या कर दी थी। ये पूरी घटना कैमरे में कैद हुई थी।
अतीक अहमद को लगी थीं 9 गोलियां
अशरफ को लगीं 5 गोलियां
सूत्रों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सामने आया है कि अतीक को 9 गोलियां लगी थीं। जबकि पांच गोलियां उसके भाई अशरफ शरीर से निकाली गईं। पुलिस दोनों को मेडिकल चेक-अप के लिए ले जा रही थी तभी मीडियाकर्मी बनकर आए तीन युवकों ने दोनों भाइयों पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।
एक गोली अतीक के सिर पर लगी जबकि बाकी आठ गोलियां उसकी छाती और पीठ पर लगीं। मौके पर ही उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने घटनास्थल से ही तीनों हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया था। सूत्रों के मुताबिक, अतीक के भाई अशरफ को पांच गोलियां लगी थी, एक चेहरे पर लगी जबकि चार गोलियां उसकी पीठ पर लगीं।
साबरमती जेल से लाया गया था प्रयागराज
पांच डॉक्टरों की टीम ने पोस्टमार्टम किया था और इसकी वीडियो रिकॉर्डिंग भी की गई ताकि मामले की गहराई और पारदर्शिता के साथ जांच हो सके। अतीक अहमद पर 100 से अधिक मामले दर्ज थे। 24 फरवरी 2023 को उमेश पाल हत्याकांड के बाद से ही अतीक की मुश्किलों का नया दौर शुरू हो गया था। बिजनेस मैने किडनैपिंग मामले में उसे गुजरात की साबरमती जेल से प्रयागराज लाया गया था।
अतीक के मारे जाने से तीन दिन पहले ही उसके 19 साल के बेटे असद अहमद का एसटीएफ ने झांसी में एनकाउंटर किया था। असद उमेश पाल हत्याकांड में प्रमुख आरोपी था और वारदात के बाद फरार चल रहा था।
अतीक ने बताया था जान का खतरा
अतीक ने बार-बार आरोप लगाया था कि उत्तर प्रदेश पुलिस ने फर्जी मुठभेड़ में उसे मार गिराने की योजना बनाई है। हाल ही में अदालत के बाहर उसने मीडिया से कहा था, ''आपकी वजह से ही मैं सुरक्षित हूं।'' अतीक जब मीडिया से बात कर रहा था तभी पत्रकारों के भेष में आए हत्यारों ने उस पर गोली चला दी। उत्तर प्रदेश सरकार कैदियों की सुरक्षा में चूक और पुलिस द्वारा गोलीबारी का जवाब देने के तरीके को लेकर कड़ी आलोचना के घेरे में आ गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं।
