Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सबसे पॉश और सेंसिटिव इलाके में एक युवक का शव का मिला है। युवक के शव की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने बताया कि अभी तक शव की पहचान नहीं हो पाई है। युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आगे की जांच के लिए घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, युवक की बॉडी पर चोट के कई निशान मिले हैं। आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।
हुसैनगंज थाना क्षेत्र में मिला युवक का शव
यह घटना हुसैनगंज थाना क्षेत्र के ओसीआर बिल्डिंग की है। इस बिल्डिंग को विधायक निवास कहा जाता है, जहां कई विधायक रहते हैं। पुलिस ने बताया कि विधायक निवास की सीढ़ियों पर रात करीब 12 बजे एक अज्ञात व्यक्ति की बॉडी मिली। पुलिस ने युवक को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया। बताया जा रहा है मृत युवक की उम्र करीब 30 से 35 साल की होगी। युवक के हाथ, कलाई, कोहनी और कंधे पर चोट के कई निशान मिले हैं। पुलिस हादसे और हत्या, सभी बिंदुओं पर मामले की जांच कर रही है।
सीसीटीवी में दिखा युवक
पुलिस के अनुसार, शव की अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित करते हुए बिल्डिंग और आसपास के सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक कर रही है। मिली जानकारी के अनुसार, जिस युवक की हत्या हुई है, उसके सोमवार रात 11 बजे सीसीटीवी में पीछे से आते हुए देखा गया है। आसपास के लोगों का कहना है कि युवक का किसी के साथ विवाद हुआ होगा, जिसके कारण उसकी मौत हुई है। हालांकि पुलिस अभी पोस्टमार्टम की रिपोर्ट का इंतजार कर रही है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
