UP News: आज कार्तिक पूर्णिमा के पावन पर्व पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में माफिया से मुक्त कराई गई जमीन पर सरदार वल्लभभाई पटेल आवासीय योजना का लोकार्पण किया। जियामऊ, डालीबाग स्थित एकता वन में आयोजित भव्य समारोह में सीएम ने निम्न आय वर्ग के 72 परिवारों को फ्लैट के आवंटन पत्र वितरित किए और कहा कि यह केवल आवास वितरण नहीं, बल्कि एक संदेश है कि माफिया से छीनी गई भूमि पर गरीबों का आशियाना बनेगा। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा, बृजलाल, संजय सेठ, महापौर सुषमा खर्कवाल समेत कई जनप्रतिनिधि व लखनऊ विकास प्राधिकरण से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे।
लखनऊ में माफिया से मुक्त कराई गई जमीन पर निम्न आय वर्ग के 72 परिवारों को दिए फ्लैट
लाभार्थी परिवारों से सीएम योगी ने की मुलाकात
मुख्यमंत्री ने लाभार्थी परिवारों से मुलाकात की, उन्हें गृह प्रवेश का सामान भेंट किया, नन्हीं बच्चियों को गोद में लेकर दुलार किया और चॉकलेट बांटी। इसके साथ ही सीएम ने आवास परिसर में वृक्षारोपण भी किया। सीएम ने कहा कि देव दीपावली के इस पावन अवसर पर लखनऊ में माफिया से मुक्त भूमि पर लाभार्थियों को आवास देना सौभाग्य है।
माफियाओं के संरक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम में दोहराया है कि 2017 से ही यूपी की नकारात्मक छवि बदलने के लिए अपराध और अपराधियों के प्रति 'जीरो टॉलरेंस' की नीति लागू की गई है। पिछले 8.5 वर्षों में बिना रुके माफियाओं पर कड़ी कार्रवाई की गई। सीएम ने कहा कि पूर्व सरकारों के दौरान माफिया संविधान का अपमान करते थे और अधिकारी उनके सामने झुक जाते थे। लेकिन अब ऐसा नहीं है। माफियाओं को संरक्षण देने वालों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि सीएम ने कहा कि सरकार ऐसे माफियाओं और उनके संरक्षकों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करेगी।
माफियाओं की जब्त संपत्ति पर बनेंगे घर
सीएम ने कहा कि माफियाओं की जब्त संपत्ति पर गरीबों के लिए घर बन रहे हैं। प्रदेश में 60 लाख आवास दिए गए हैं। उन्होंने 15 लाख करोड़ रुपये के निवेश और 45 लाख रोजगार के अवसर पैदा होने की बात बताई। उन्होंने कुकरेल-गोमती तट से माफिया मॉल हटाकर सौमित्र वन बनाने और रोहिंग्या को हटाने को बड़ी उपलब्धि बताया।
प्राइम लोकेशन पर बनाए गए फ्लैट्स
लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने डालीबाग की अवैध कब्जे से खाली कराई गई 2,322 वर्ग मीटर भूमि पर सरदार वल्लभ भाई पटेल आवासीय योजना लॉन्च की है। लॉटरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद, इस योजना में ग्राउंड प्लस थ्री संरचना के 3 ब्लॉक में 36.65 वर्ग मीटर क्षेत्रफल के कुल 72 EWS फ्लैट बनाए गए हैं। इन प्राइम लोकेशन वाले फ्लैट्स की कीमत 10.70 लाख रुपये रखी गई है। योजना में स्वच्छ जल, बिजली, सुरक्षा और पार्किंग जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं प्रदान की गई हैं।
