लखनऊ: यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जिन मिलों ने किसानों का बकाया गन्ना भुगतान नहीं किया है, उनकी चीनी जब्त करके सरकार किसानों को गन्ना भुगतान कराएगी। उन्होंने कहा कि जिस तरह से एक जिला एक मेडिकल कॉलेज की योजना है, उसी तरह एक जिला एक विवि की योजना है। इसके अलावा सीएम ने अपराधियों-माफिया को चेतावनी देते हुए कहा कि बहन-बेटियों की इज्जत से खिलवाड़ करने वाले उच्चकों को कड़ा अंजाम भुगतना पड़ेगा।
सीएम योगी आदित्यनाथ
जाति व धर्म विकास का आधार नहीं-CM
सीएम ने कहा-किसानों की संपत्ति को जबरन कब्जाने और व्यापारियों का उत्पीड़न करने वालों मठाधीशों को इसकी कीमत ब्याज समेत चुकानी पड़ेगी। उनको ऐसा कृत्य करने पर ताउम्र पछताना पड़ेगा। प्रदेश में अराजकता व गुंडागर्दी की किसी को छूट नहीं होगी। योगी ने कहा कि विकास में यूपी सबसे आगे निकल कर जा रहा है। प्रदेश में जाति व धर्म को विकास का आधार नहीं बनाया जाता है, बल्कि सभी को एक समान मानकर विकास से जोड़ा जाता है। सीएम जनता वैदिक डिग्री कॉलेज को विवि बनाने और बागपत शुगर मिल का विस्तारीकरण कराकर पेराई क्षमता दोगुनी करने की बात भी कही है।
सभी कमिश्नरी में एक-एक विश्वविद्यालय का निर्माण
सीएम ने पिछली सरकारों पर तंज कसते हुए कहा कि जब प्रदेश में भाजपा सरकार आई थी तो छह कमिश्नरी में विश्वविद्यालय नहीं थे, लेकिन आज सभी कमिश्नरी में एक-एक विश्वविद्यालय का निर्माण हो चुका है। जिस तरह से एक जिला एक मेडिकल कॉलेज की योजना है, उसी तरह एक जिला एक विवि की भी हमारी सरकार की योजना है।
वहीं, सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में खेल सुविधाएं बढ़ाने की बात करते हुए कहा कि एशियन गेम्स में प्रदेश के कई खिलाड़ियों ने पदक जीते और हमारी बेटियां भी आगे रहीं। खेलों में युवा और बेहतर कर सकें, उसके लिए हमारी सरकार हर जगह सुविधाएं बढ़ाएगी।
