Dengue Cases In Lucknow: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में डेंगू का कहर लगातार जारी है। दरअसल, बुधवार को एक दिन में डेंगू के 37 नए मरीज मिले हैं। बताया जा रहा है कि इनमें से ज्यादातर मरीज पॉश इलाकों के रहने वाले हैं। हालांकि, जानकारों की माने तो असल आंकड़ों की संख्या इससे ज्यादा हो सकती हैं।
10 घरों के मालिक को भेजा नोटिस
वहीं, प्रदेश में डेंगू के केस को कम करने को लेकर प्रशासन भी लगातार एक्टिव मोड में नजर आ रही है। डेंगू के केस को कम करने के लिए आसपास एंटीलार्वा छिड़काव व फॉगिंग कराई जा रही हैं। बता दें डेंगू पर काबू पाने के लिए CMO और नगर निगम की संयुक्त टीमों ने मिलकर लोगों के घरों का निरक्षण भी किया। वहीं, टीम ने निरीक्षण करने के बाद 10 घरों के मालिक को नोटिस भी भेजा हैं।
यहां मिले नए मरीज
लखनऊ सीएमओ डॉ. मनोज अग्रवाल के मुताबिक, शहरी और ग्रामीण क्षेत्र से डेंगू के 37 नए मरीज मिले हैं, जिसमें से इंदिरा नगर, अलीगंज, आलमबाग, चौक व सरोजनी नगर क्षेत्र से 4-4 नए मरीज मिले हैं। जबकि बाजारखाला, कैसरबाग व चिनहट में 3-3 नए मरीज मिले हैं। वहीं, ऐशबाग और काकोरी में 2 - 2 मरीज मिले हैं।
अब तक मिल चुके हैं इतने केस
हालांकि, आंकड़ों की बात करें तो इस साल सितंबर से लेकर अब तक करीब 1 हजार 381 डेंगू के केस मिल चुके हैं, जो कि प्रदेश के सभी 75 जिलों में सबसे ज्यादा हैं। जानकारों की माने तो असल में आंकड़ें इससे कहीं ज्यादा हैं। वहीं, डेंगू पर काबू पाने के लिए CMO और नगर निगम की संयुक्त टीमों ने मिलकर करीब 1,687 घरों पर टीम ने निरीक्षण किया। इसी बीच लार्वा मिलने पर 10 घरों के मालिक को नोटिस जारी किया गया।
