UP में Bird Flu ने बढ़ाई टेंशन, प्रदेश के सभी चिड़िया घर बंद; CM योगी ने दिए बड़े निर्देश

Bird Flu: उत्तर प्रदेश में बर्ड फ्लू की आशंका के चलते गोरखपुर के बाद लखनऊ और कानपुर के भी चिड़िया घरों को बंद कर दिया गया है। शाम होते-होते प्रदेश के सभी चिड़िया घरों को बंद करने का आदेश दे दिया गया।

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के सभी प्राणी उद्यानों और सफारी पार्कों में बर्ड फ्लू (एवियन इन्फ्लूएंजा) के बढ़ते खतरे को देखते हुए राज्य सरकार ने प्रदेश के सभी चिड़ियाघरों और इटावा की लॉयन सफारी को एक हफ्ते के लिए बंद करने का आदेश जारी किया है। राज्य सरकार द्वारा बुधवार को यहां जारी एक बयान के मुताबिक, बर्ड फ्लू के बढ़ते खतरे को देखते हुए हाई अलर्ट जारी किया गया है। वन्य जीव विभाग ने स्वास्थ्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करते हुए प्रदेश के सभी चिड़ियाघरों और इटावा की लॉयन सफारी को एक सप्ताह के लिए बंद कर दिया है। अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि गोरखपुर के शहीद अशफाक उल्ला खां चिड़ियाघर में एक बाघिन में बर्ड फ्लू की पुष्टि होने के बाद यह एहतियाती कदम उठाए गए हैं।

Kanpur Zoo closed Over Bird Flue

(सांकेतिक फोटो)

प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) अनुराधा वेमुरी ने बताया कि प्रदेश के चिड़ियाघरों और सफारी में बर्ड फ्लू के बढ़ते हुए खतरे को देखते हुए केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण ने गोरखपुर के शहीद अशफाक उल्ला खां प्राणी उद्यान में महामारी की जांच के लिए पशु चिकित्सकों और पैथोलॉजिस्ट की पांच सदस्यीय टीम गठित की है। वेमुरी ने बताया कि वह जांच के बाद 15 दिनों के भीतर वन्य जीवों में एवियन इंफ्लूएंजा के प्रभाव की रिपोर्ट पेश करेगी, जिसके अनुसार आने वाले दिनों में प्रदेश के चिड़ियाघरों और लॉयन सफारी का रख रखाव किया जाएगा।

End of Feed