Raxaul-Udhna Summer Special Train: इस वक्त स्कूलों में गर्मियों की छुट्टियां और शादियों का सीजन जारी हैं। ऐसे में परदेश में रह रहे लोग अपने घरों की ओर रुख कर रहे हैं। लिहाजा, उत्तर रेलवे ने छुट्टियों और यात्रियों की बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए बिहार के रक्सौल और गुजरात उधना के बीच एक विशेष ट्रेन सेवा शुरू करने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन सेवा कुल 11 बार चलाई जाएगी। ट्रेन संख्या 05559 रक्सौल से 17 मई से 26 जुलाई तक प्रत्येक शनिवार सुबह 5:30 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन सिकटा, नरकटियागंज, बगहा, कप्तानगंज, गोरखपुर, गोंडा, बाराबंकी, लखनऊ, कानपुर, झांसी, ललितपुर सहित कई अन्य स्टेशनों पर रुकते हुए अगले दिन रविवार दोपहर 12:35 बजे उधना पहुंचेगी। वापसी में, ट्रेन संख्या 05560 उधना से 18 मई से 27 जुलाई तक हर रविवार शाम 3:35 बजे रवाना होगी।
रक्सौल-उधना स्पेशल ट्रेन के स्टॉपेज
रक्सौल-उधना समर विशेष ट्रेन भरूच, वडोदरा, रतलाम, उज्जैन, सीहोर, संत हिरदाराम नगर, बीना, ललितपुर, झांसी, कानपुर, लखनऊ, बाराबंकी समेत अन्य स्टेशनों पर रुकते हुए मंगलवार रात 12:15 बजे रक्सौल पहुंचेगी। इस विशेष ट्रेन सेवा से यात्रियों को गर्मी की छुट्टियों में यात्रा में सुविधा और राहत मिलेगी। नॉर्दर्न रेलवे के लखनऊ डिवीजन के सीनियर डीसीएम कुलदीप ने इस सेवा की जानकारी दी है। यह पहल यात्रियों की बढ़ती मांग को पूरा करने और भीड़ को कम करने के उद्देश्य से की गई है। इसके संचालन से बिहार, यूपी और एमपी के विभिन्न शहरों और गांवों के लोग गुजरात तक आवागमन कर सकेंगे। इस ट्रेन के चलने से टिकटों की मारामारी भी कम होगी और लोगों को कुछ समय के लिए नया विकल्प भी मिलेगा।
