लखनऊ

बड़ौत: फेरों से पहले पिता की जमीन बचाने धरने पर बैठी दुल्हन, जबरन अधिग्रहण करने का आरोप

उत्तर प्रदेश के बड़ौत में एक दुल्हन शादी के दिन ही सराकर के खिलाफ धरने पर बैठ गई। दरअसल दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के लिए दुल्हन के पिता की जमीन अधिग्रहण होना है, इसी फैसले के खिलाफ दुल्हन धरने पर बैठ गई।

Image

बडौत में शादी के दिन धरने पर बैठी दुल्हन

बागपत से एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां एक दुल्हन ने फेरों से पहले ही अपने पिता की जमीन बचाने के लिए धरना दे दिया। बड़ौत शहर कोतवाली क्षेत्र के बिजरौल-जलालपुर गांव के बीच का यह मामला दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर निर्माण से जुड़ा है। निर्माण कार्य के लिए अधिग्रहित की जा रही जमीन को लेकर दुल्हन वंशिका और उसका परिवार विरोध प्रदर्शन कर रहा है। हाथों और पैरों में मेहंदी रचाए, शादी के जोड़े में सजने से पहले ही वंशिका की यह तस्वीरें अब चर्चा का विषय बन गई हैं।

आज ही होनी है शादी

वंशिका की आज रात मुजफ्फरनगर निवासी आदित्य से शादी होनी है, लेकिन इससे पहले वह अपने पिता यशपाल पुत्र बलवान सिंह की एक बीघा जमीन को बचाने के लिए धरने पर बैठ गई। परिवार का आरोप है कि अफसर जबरन उनकी उपजाऊ भूमि का अधिग्रहण करना चाहते हैं, जिस पर फिलहाल गेहूं की फसल बोई गई है। खास बात यह है कि इससे पहले परिवार ने करीब 5 एकड़ जमीन कॉरिडोर के लिए सरकार को सौंप दी थी। अब एक बीघा जमीन ओर सरकार भूमि अधिग्रहण कर रही है।

बैरंग लौटे अधिकारी

आज जब अधिकारी जमीन अधिग्रहण के लिए मौके पर पहुंचे तो दुल्हन ने अफसरों का विरोध किया और अधिकारियों को बैरंग लौटना पड़ा। पूरे गांव में इस घटना की चर्चा है और लोग दुल्हन के साहस की सराहना कर रहे हैं। परिवार का कहना है कि जब पहले ही बहुत जमीन दी जा चुकी है तो अब इस एक बीघा को क्यों छीना जा रहा है। दुल्हन वंशिका का कहना है कि वह अपनी शादी जरूर करेगी लेकिन अपने पिता की जमीन गंवाकर नहीं। जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलता, तब तक वह धरने से नहीं उठेंगी। वही मौके पर प्रशासनिक अधिकारियों की टीम भी पहुंची थी, लेकिन जनता के विरोध और दुल्हन के हौसले के आगे उन्हें वापस लौटना पड़ा। फिलहाल मामला ठंडा नहीं पड़ा है और दुल्हन अभी भी धरने पर बैठी हुई है। हालांकि इस मामले पर आलाधिकारी अभी कुछ भी कैमरे पर बोलने से बच रहे है ।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article