Baba Bageshwar: बागेश्वर धाम के प्रमुख धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने स्पष्ट किया कि उन पर किसी प्रकार का हमला नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि एक श्रद्धालु फूल बरसा रहा था, जिसका मोबाइल गलती से गिर गया। आपको बता दें कि पंडित धीरेंद्र शास्त्री अपनी यात्रा के दौरान झांसी में हैं, जहां उन पर मोबाइल फेंकने की सूचना मिली थी।
पंडित धीरेंद्र शास्त्री
जब मीडिया ने उन पर हमले की खबरों के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, "कोई हमला नहीं हुआ। फूल बरसा रहे एक श्रद्धालु का मोबाइल फोन गलती से गिर गया। यह कोई हमला नहीं था। हम यह यात्रा शांतिपूर्ण तरीके से कर रहे हैं।"
श्रद्धालुओं से ओरछा तक यात्रा में शामिल होने का आग्रह
बता दें कि बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री की सनातन हिंदू एकता पदयात्रा मंगलवार को मऊरानीपुर के ग्रामोदय से फिर शुरू हुई। धार्मिक अनुष्ठानों के बाद राष्ट्रगान और हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने श्रद्धालुओं से ओरछा तक यात्रा में शामिल होने का आग्रह किया है।
जानकारी के अनुसार, ग्रामोदय से शुरू होकर यात्रा बंगरा के श्रीराम कॉलेज में रुकेगी। फिर सकरार के श्रीराम पैलेस और अंत में शारदा महाविद्यालय में रात्रि विश्राम के लिए जाएगी। आज की यात्रा 17 किलोमीटर लंबी है। यात्रा की सुरक्षा के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए। इसके लिए झांसी-कानपुर हाईवे पर यातायात को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया जा रहा है।
बता दें कि नौ दिनों की यह यात्रा 158 किलोमीटर लंबी है और इसका आधा से अधिक हिस्सा पूरा हो चुका है। यात्रा 29 नवंबर को ओरछा में संपन्न होगी।
