लखनऊ

रामगंगा नदी में कार गिरने से तीन की मौत: PWD इंजीनियर और ‘Google Map' के अधिकारी पर मामला दर्ज

बदायूं के दातागंज में रामगंगा नदी पर निर्माणाधीन पुल से कार गिरने के मामले में कार्रवाई की गई है। पुलिस ने इस मामले में पीडब्ल्यूडी के अभियंताओं और गूगल मैप के एक अधिकारी के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज किया है।

Image

सांकेतिक फोटो।

Photo : iStock

बदायूं जिले की दातागंज पुलिस ने रामगंगा नदी पर निर्माणाधीन पुल से नदी में एक कार के गिरने से हुई तीन लोगों की मौत के मामले में सोमवार को लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अभियंताओं और गूगल मैप के एक अधिकारी के खिलाफ लापरवाही के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस के अनुसार, दातागंज थाना क्षेत्र की सीमा पर बरेली जिले के फरीदपुर थाना क्षेत्र के खल्लपुर-दातागंज मार्ग पर निर्माणाधीन रामगंगा पुल पर रविवार को यह हादसा हुआ। रविवार सुबह करीब 10 बजे तीनों कार सवार बरेली से दातागंज (बदायूं जिला) जा रहे थे।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस के अनुसार, मार्गदर्शक के लिए वे ‘जीपीएस नेविगेशन’ की मदद ले रहे थे। बाढ़ के चलते पुल का अगला हिस्सा नदी में बह गया था, लेकिन ‘जीपीएस नेविगेशन’ में यह जानकारी शामिल नहीं की गयी थी और इस कारण कार पुल से नीचे गिर गई और तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान फर्रुखाबाद जिले के निवासियों--नितिन (30) एवं अजीत (30) और मैनपुरी जिले के निवासी अमित (40) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि नितिन और अजीत भाई हैं। उसने बताया कि तीनों नोएडा से फरीदपुर (बरेली में) एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे।

पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी

पुलिस अधिकारियों के अनुसार सोमवार दोपहर में बदायूं जिले के दातागंज तहसील के नायब तहसीलदार छविराम की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर लोक निर्माण विभाग के चार अधिकारियों-- सहायक अभियंताओं (प्रांतीय खंड प्रथम) मुहम्मद आरिफ एवं अभिषेक और अवर अभियंताओं महाराज सिंह और अजय गंगवार के अलावा कुछ अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ दातागंज कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज की गयी है। इस प्राथमिकी में गूगल के क्षेत्रीय प्रबंधक की लापरवाही का भी संज्ञान लिया गया है।

अज्ञात के खिलाफ भी मामला दर्ज

दातागंज कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) गौरव बिश्नोई ने बताया कि छविराम की तहरीर पर लोक निर्माण विभाग के चार अभियंताओं के साथ ही कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है जिनमें ‘गूगल मैप’ के क्षेत्रीय अधिकारी को भी जांच के दायरे में लाया गया है। उन्होंने बताया कि ‘गूगल मैप’ के क्षेत्रीय अधिकारी का नाम नहीं पता है, इसलिए जांच के बाद ही उनका नाम शामिल किया जाएगा। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि दातागंज कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जांच प्रारंभ कर दी गई है।

गूगल ने जताई संवेदनाएं

इस बीच, ‘गूगल’ के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, "हमारी गहरी संवेदनाएं परिवारों के साथ हैं। हम अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं और मामले की जांच में अपना सहयोग दे रहे हैं।" बदायूं की जिलाधिकारी (डीएम) निधि श्रीवास्तव ने संपर्क किए जाने पर बताया, "घटनास्थल पर सुधारात्मक उपायों के अलावा, पीडब्ल्यूडी के दो सहायक अभियंताओं और दो अवर अभियंताओं तथा अन्‍य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 105 (गैर इरादतन हत्या के लिए दंड) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।"

श्रीवास्तव ने कहा, "पीडब्ल्यूडी, सेतु निगम को ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति से बचने के लिए सभी सड़कों, पुलों, फ्लाईओवर, अंडरपास आदि का निरीक्षण करने और जहां भी आवश्यक हो, आवश्यक सुधारात्मक उपाय करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।"

इनपुटः भाषा

Devshanker Chovdhary
Devshanker Chovdhary author

<p>देवशंकर चौधरी मार्च 2024 से Timesnowhindi.com के साथ करियर को आगे बढ़ा रहे हैं और बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। टाइम्स नाउ सिटी टीम में वह इंफ्रा, डेवलपमेंट, पॉलिटिक्स और लोगों से जुड़ी स्टोरी करते हैं। हर स्टोरी में अलग एंगल निकालने पर फोकस रहता है। इसके अलावा ग्राउंड की स्टोरी और रिसर्च बेस्ड स्टोरी करने में विशेष रुचि रखते हैं।&nbsp;बीते वर्षों में टेलीविजन और डिजिटल मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं। इससे पहले इन्होंने दैनिक जागरण, यूनीवार्ता, एबीपी न्यूज और रोहतास पत्रिका में काम किया है। दैनिक जागरण में रियल टाइम डेस्क पर काम कर चुके हैं, जहां वर्ल्ड अफेयर्स और नेशनल बीट की खबरें करते थे। यूनीवार्ता में नेशनल और विदेश डेस्क पर काम कर चुके हैं। एबीपी न्यूज में डिजिटल टीम का हिस्सा रह चुके हैं। रोहतास पत्रिका में काम करने के दौरान कोविड काल में बिहार के कई जिलों में घूम-घूम कर काम करने का अनुभव है। ग्रेजुएशन के दौरान ही पत्रकारिता से जुड़ गए थे, जिस दौरान दैनिक अखबारों के साथ काम किया है। अकाउंटिंग एंड मैनेजमेंट ऑनर्स में स्नातक और जनसंचार में स्नातकोत्तर हैं।</p>

और पढ़ें
End of Article