खर्च वहन नहीं कर पाएंगे- आजम खान ने ‘वाई’ श्रेणी की सुरक्षा लेने से किया इनकार

समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता आजम खान ने खर्च उठा पाने में असमर्थता जाहिर करते हुए सरकार द्वारा उन्हें प्रदान की गई सुरक्षा लेने से इनकार कर दिया है। पिछले महीने 23 सितंबर को 23 महीने जेल में रहने के बाद जमानत पर रिहा हुए खान को गिरफ्तारी से पहले मिली ‘वाई’ श्रेणी की सुरक्षा फिर से बहाल कर दी गई है।

समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता और उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान ने सरकार द्वारा दी गई ‘वाई’ श्रेणी की सुरक्षा लेने से इनकार कर दिया है। उनका कहना है कि वे इस सुरक्षा से जुड़ा खर्च वहन करने में असमर्थ हैं। आजम खान को पिछले महीने 23 सितंबर को लगभग 23 महीने की जेल की सजा के बाद जमानत पर रिहा किया गया था। रिहाई के साथ ही उनकी गिरफ्तारी से पहले मिली ‘वाई’ श्रेणी की सुरक्षा भी पुनः बहाल कर दी गई है। ‘वाई’ श्रेणी की सुरक्षा में करीब आठ पुलिसकर्मी शामिल होते हैं, जिसमें निजी सुरक्षा अधिकारी भी होते हैं। यह सुरक्षा उन लोगों को दी जाती है जिन पर मध्यम स्तर का खतरा माना जाता है।

azam khan

आजम खां नहीं लेंगे सुरक्षा (फाइल फोटो- PTI)

आजम खान के बेटे ने क्या कहा

आजम खान के बेटे और पूर्व विधायक अब्दुल्ला आजम ने मंगलवार को पीटीआई-भाषा से बातचीत में कहा कि उनका परिवार सुरक्षा लेने से इनकार नहीं कर रहा है, लेकिन इस सुरक्षा से जुड़े खर्च वे खुद वहन नहीं कर पाएंगे। उन्होंने बताया, “पहले सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए वाहन के साथ सुरक्षा कर्मी और एस्कॉर्ट की सुविधा मिलती थी, लेकिन अब यह सुविधा नहीं है। अब हमें तैनात सुरक्षाकर्मियों के आने-जाने और अन्य खर्च खुद उठाने होंगे, जो हमारे परिवार की आर्थिक स्थिति से बाहर है।”

End of Feed