लखनऊ

Krishna Janmashtami: ठाकुरजी के जन्मोत्सव के लिए मध्य रात्रि में खुलेगा अयोध्या का राम मंदिर

अयोध्या में रामलला के दरबार में सोमवार को रात 12 बजे श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। जिसके चलते आज मंदिर 10 बजे बंद होने क बजाय आधी रात तक खुला रहेगा। हालांकि जन्मोत्सव में कोई भक्त शामिल नहीं हो पाएगा।

Image

अयोध्या का राम मंदिर

Krishna Janmashtami: अयोध्या में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर आज राम मंदिर मध्य रात्रि में भी खुलेगा। रात 12 बजे ठाकुरजी का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। जिसके लिए रामलला का दरबार देर रात तक खुला रहेगा। लेकिन इसमें भक्तजन शामिल नहीं हो सकेंगे। वहीं श्रीकृष्ण जन्मभूमि में ठाकुरजी का जन्म महाभिषेक महंत नृत्य गोपाल दास करेंगे।

रात 10 बजे तक खुला रहता है राम मंदिर

अयोध्या के राम मंदिर में अभी भगवान राम के दर्शन सुबह 6:30 बजे से शुरू होकर रात 10 बजे तक होते हैं। रात दस बजे रामलला की शयन आरती होती है, जिसके बाद मंदिर के पट बंद कर दिए जातें हैं। लेकिन आज रामलला के दरबार में रात 12 बजे कृष्ण जन्मोत्सव मनाया जाएगा। इस कारण मंदिर रात दस बजे बंद नहीं होगा और मध्य रात्रि तक खुलेगा।

सोने-चांदी जड़ित शंख से ठाकुरजी का अभिषेक

श्रीराम जन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास महाराज आज मध्य रात्रि में श्रीकृष्ण जन्मभूमि में नंदलाला का जन्म महाभिषेक करेंगे। इसके लिए वे कल ही मथुरा पहुंच चुके हैं। उनके सानिध्य वेद मंत्रोच्चारों के बीच ठाकुरजी का अभिषेक सोने और चांदी से जड़ित शंख से किया जाएगा। बताया गया है कि महंत नृत्यगोपाल दास 29 अगस्त तक मथुरा में रहेंगे।

कृष्ण मंदिर के लिए नहीं करना होगा लंबा इंतजार

नृत्य गोपाल दास ने सीताराम दरबार मंदिर में पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर की तरह ही मथुरा में भी श्रीकृष्ण के मंदिर का निर्माण होगा। उन्होंने कहा कि भक्तों को जितना इंतजार और संघर्ष राम मंदिर के निर्माण के लिए करना पड़ा है, उतना इंतजार श्रीकृष्ण के मंदिर के लिए लोगों को नहीं करना पड़ेगा।

रामलला की आरती का लाइव प्रसारण

अयोध्या राम मंदिर में जल्द ही भक्तों को रामलला की पांचों आरती का लाइव प्रासरण देखने को मिलेगा। इसके लिए दूरदर्शन परिसर में स्थायी उपकरण लगाया जा रहा है। इस सेटअप के तैयार होने के बाद भक्तों को आरती का लाइव प्रसारण मिलेगा। जिसके बाद सुबह 4 बजे की मंगला आरती, 6 बजे की श्रृंगार आरती, दोपहर 12 बजे की भोग आरती, शाम 7 बजे की संध्या आरती और रात 10 बजे की शयन आरती लाइव प्रसारित होगी।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article