लखनऊ

औरेया में सौरभ हत्याकांड जैसा मामला, शादी के 15 दिन बाद पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर कराया पति का मर्डर, हत्या के लिए दी थी सुपारी

Auraiya Husband Murder: औरेया के सहार क्षेत्र में एक व्यक्ति को उसकी पत्नी ने शादी के 15 दिन बाद ही मौत के घाट उतार दिया। पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या के लिए सुपारी दी। जिसके बाद गोली मरवाकर हत्या करा दी। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

Image

फाइल फोटो

Auraiya Murder: मेरठ में सौरभ राजपूत हत्याकांड की तरह औरैया जिले में भी इससे मिलता-जुलता मामला सामने आया है। सहार क्षेत्र में एक व्यक्ति की उसकी पत्नी ने ही अपने प्रेमी की मदद से सुपारी देकर हत्या करवा दी। पुलिस ने इस मामले में आरोपी पत्नी, उसके प्रेमी और धन लेकर हत्या करने वाले अपराधी को भी गिरफ्तार कर लिया है।

खेत में लहुलूहान मिला युवक

औरैया जिले के सहार थाना क्षेत्र की यह घटना दिलीप यादव (25) और प्रगति यादव (22) की शादी के बमुश्किल 15 दिन बाद 19 मार्च को हुई। सहार थाना के प्रभारी पंकज मिश्रा ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया, "घटना वाले दिन 19 मार्च को पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक खेत में घायल अवस्था में पड़ा है। पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को इलाज के लिए बिधूना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया और परिजनों को घटना की जानकारी दी गई।" उन्होंने बताया, ‘‘दिलीप को 19 मार्च की रात सैफई अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद उसे ग्वालियर और फिर 19 मार्च को आगरा ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर परिजनों ने उसे 20 मार्च को औरैया के एक अस्पताल में भर्ती कराया। अगले दिन 21 मार्च की रात उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया।’’

सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हत्यारों की पहचान की गई। उन्होंने बताया कि आरोपियों की पहचान दिलीप यादव की पत्नी प्रगति यादव, उसके प्रेमी अनुराग उर्फ मनोज और रामजी चौधरी के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिजीत आर. शंकर ने बताया कि प्रगति और उसके प्रेमी अनुराग उर्फ मनोज ने मिलकर दिलीप की हत्या की साजिश रची थी। एसपी ने बताया कि आरोपियों ने दिलीप की हत्या के लिए रामजी चौधरी को दो लाख रुपये की सुपारी दी थी।

हत्या के लिए दी दो लाख की सुपारी

एसपी ने बताया कि चौधरी ने दिलीप को धोखे से बुलाया और मोटरसाइकिल पर बैठा कर खेतों की तरफ ले गया, जहां उसने दिलीप के साथ मारपीट की और गोली मार दी। इसके बाद वह दिलीप को मरा समझकर फरार हो गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि दिलीप की शादी इसी महीने पांच मार्च को प्रगति के साथ हुई थी। प्रगति का प्रेम प्रसंग गांव के ही अनुराग से था। प्रगति और उसके प्रेमी ने मिलकर दिलीप को रास्ते से हटाने की साजिश रची और अछल्दा निवासी रामजी चौधरी को दो लाख रुपये की सुपारी देकर दिलीप की हत्या का काम सौंपा।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article