पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मी नगर इलाके में मौजूद एक निजी अस्पताल में रात को आग लग गई। बताया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से यह आग लगी है। फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
जिस अस्पताल में आग लगी, उसका नाम मक्कड़ अस्पताल है। मरीज के तामीरदारों के अनुसार उन्होंने देखा कि अचानक बिजली जाने के बाद अस्पताल में धुआं भरने लगा है। तब जाकर उन्हें आग लगने का एहसास हुआ। आग लगने की सूचना मिलते ही अस्पताल में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में सभी मरीजों को बाहर निकाला गया।
बताया जा रहा है कि आग अस्पताल के बेसमेंट के अंदर लगी थी। आग लगने के बाद पूरे अस्पताल की लाइट बंद कर दी गई और धुंए का गुबार पूरे अस्पताल में फैल गया। आनन-फानन में पुलिस और फायर ब्रिगेड को फोन किया गया। फिलहाल सभी मरीजों को सुरक्षित बार निकाल लिया गया है। किसी के भी इस दुर्घटना में हताहत होने की सूचना नहीं है।
मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने आग पर काबू पा लिया। माना जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी लेकिन पुलिस आग लगने की वजहों की जांच की कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
