बहुजन समाज पार्टी सुप्रीमो मायावती ने रविवार 2 मार्च को एक बड़ा ऐलान किया। जिसमें उन्होंने कहा कि उनते जीते जी उनका कोई उत्तराधिकारी नहीं होगा। इसी के साथ उन्होंने अपने भतीजे आकाश आनंद को पार्टी के को-ऑर्डिनेटर पद से भी हटा दिया। मायावती ने आकाश आनंद को पार्टी के सभी पदों से हटा दिया था। अब इस पूरे मुद्दे पर आकाश आनंद ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।
बहुजन समाज पार्टी के सभी पदों से हटाए जाने के बाद आकाश आनंद ने पहली बार खुलकर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया में कहा, 'वह मायावती जी के कैडर हैं और उनके नेतृत्व में त्याग, निष्ठा व समर्पण के सबक सीखे हैं।' आकाश आनंद ने आगे कहा, मायावती जी का हर फैसला उनके लिए पत्थर की लकीर के समान है और वे फैसले का सम्मान करते हैं।
आकाश आनंद ने मायावती के फैसले का विरोध करने की बजाय कहा, पार्टी से मुक्त किए जाने का निर्णय उनके लिए भावनात्मक है, लेकिन यह एक बड़ी चुनौती भी है। उन्होंने कहा, कठिन समय में धैर्य और संकल्प ही सच्चे साथी होते हैं। आकाश ने वजन देते हुए कहा कि वे पार्टी और मिशन के लिए पूरी निष्ठा से काम करते रहेंगे।
मायावती के भतीजे आकाश आनंद ने इस अवसर पर कहा, बहुजन मूवमेंट कोई करियर नहीं, बल्कि दलितों और गरीबों के आत्म-सम्मान की लड़ाई है। उन्होंने कहा, इस आंदोलन को दबाया नहीं जा सकता है। लाखों लोग इस आंदोलन को जीवित रखने के लिए तैयार हैं।
