UP Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: उत्तर प्रदेश में ठिठुरन भरी सर्दी की शुरुआत हो चुकी है। यूपी में ज्यादातर इलाकों में तापमान में गिरावट देखी जा रही है। प्रदेश में न्यूनतम तापमान भी लुढ़ककर 6 डिग्री के करीब पहुंच गया है। उत्तर पश्चिमी तेज हवाओं ने भी रात की ठंड बढ़ा दी है। आने वाले दिनों में सर्दी में और इजाफा होने वाला है। यूपी में दो दिन बारिश का भी अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग के अनुसर करीब 40 जिलों में आज बारिश की संभावना जताई गई है। बारिश के बाद तापमान में गिरावट के साथ ही ठंड भी बढ़ सकती है।
इन जिलों में बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार आज पूर्वी और पश्चिमी यूपी में देर रात और तड़के सुबह कहीं-कहीं कोहरा छाया रह सकता है। प्रदेश में आज इस सर्दी की पहली बारिश की भी संभावना जताई गई है। रविवार को वाराणसी, गाजीपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, हापुड़, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बिजनौर, बागपत, सिद्धार्थनगर, बस्ती, बलरामपुर, गोंडा, अयोध्या, श्रावस्ती, बहराइच, बलिया, मऊ, देवरिया, कुशीनगर, महराजगंज, गोरखपुर, आजमगढ़, संत कबीरनगर, शाहजहांपुर, बरेली, बदायूं, रामपुर, संभल, बाराबंकी, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, पीलीभीत, सहारनपुर, शामली और आसपास के इलाकों में बारिश हो सकती है। यूपी में 9 दिसंबर को भी कहीं-कहीं पर हल्की बारिश की संभावना है। मौसम में यह बदलाव नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हो रहा है।
तापमान में फिर होगा उतार-चढ़ाव
आईएमडी के अनुसार यूपी में आने वाले दिनों में तापमान में फिर उतार-चढ़ाव देखने को मिलने वाला है। प्रदेश में 9 दिसंबर तक अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री की और कमी आ सकती है। वहीं न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री की बढ़ोत्तरी दर्ज की जा सकती है। पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद न्यूनतम तापमान में फिर से गिरावट देखी जा सकती है। 10 दिसंबर की सुबह से पूरे प्रदेश में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री की कमी आ सकती है। साथ ही पूर्वांचल के इलाकों में घना कोहरा भी पड़ सकता है।
मेरठ में दर्ज हुआ सबसे कम तापमान
मौसम विभाग की शनिवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार मेरठ में सबसे कम न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा शाहजहांपुर में 6.7 डिग्री, मुजफ्फरनगर में 7.6 डिग्री, बहराइच में 7.6 डिग्री, गोरखपुर में 7.6 डिग्री, चुर्क में 7.4 डिग्री, बरेली में 6.4 डिग्री और लखनऊ में 9.4 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ। प्रदेश में अधिकतम तापमान भी लुढ़ककर 30 डिग्री के अंदर आ गया है। सबसे अधिक तापमान उरई में 29.6 डिग्री दर्ज हुआ है। वहीं बरेली में 22.9 डिग्री, मुरादाबाद में 24 डिग्री, मेरठ में 24 डिग्री, मुजफ्फरनगर में 23.5 डिग्री, लखनऊ में 25.7 डिग्री और चुर्क में 25.2 डिग्री अधिकतम तापमान रहा।
