UP Aaj Aur kal ka Mausam (यूपी आज का मौसम): उत्तर प्रदेश में ठंड के तेवर कमजोर पड़ते जा रहे हैं और धूप की तल्खी बढ़ रही है। इसके साथ ही दिन और रात के तापमान में भी इजाफा देखने को मिल रहा है। एक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आज यूपी के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। अगले 48 घंटों के बाद प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री की गिरावट आ सकती है। मौसम विभाग के अनुसार यूपी में अगले 4 दिन बारिश और घने कोहरे का कोई अलर्ट नहीं है।
आज पूर्वी यूपी में शुष्क रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आज पश्चिमी यूपी में कहीं-कहीं बहुत हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान पूर्वी यूपी में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। सुबह के समय प्रदेश के दोनों हिस्सों मं छिछला से मध्यम कोहरा छाया रह सकता है। आज यूपी में किसी तरह की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। गुरुवार से मौसम फिर से शुष्क रहने की संभावना है। साथ ही सुबह के समय कहीं-कहीं छिछला से मध्यम कोहरा भी देखने को मिल सकता है।
पछुआ हवाओं से गिरेगा पारा
मौसम विभाग के मुताबिक विक्षोभ के गुजरने के बाद गुरुवार से हवा का रुख बदल जाएगा। इस दिन से हवा दक्षिणी से उत्तर पछुआ हो जाएगी। गुरुवार से 20 से 30 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से ठंडी पछुआ हवाएं चलेंगी। जिसके प्रभाव से तापमान में हल्की कमी आ सकती है। साथ ही धूप की तपिश से राहत मिलने के भी आसार हैं। गुरुवार से अगले दो दिन तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में थोड़ी गिरावट होने की संभावना है।
इन जिलों में हुई बूंदाबांदी
उत्तर प्रदेश में मंगलवार को कई जिलों आसमान में बादलों का डेरा रहा। कई जिलों में बूंदाबांदी भी देखने को मिली। इस दौरान अलीगढ़, बरेली, मेरठ, फिरोजाबाद, आगरा, मैनपुरी, हरदोई, मुरादाबाद, लखीमपुर खीरी आदि में हल्की बूंदाबांदी दर्ज हुई। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को सबसे कम तापमान अयोध्या में रहा। यहां का न्यूनतम पारा 9 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं वाराणसी में सबसे अधिक तापमान दर्ज हुआ। यहां का अधिकतम पारा 29.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
