UP (आज-कल का मौसम) Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: मौसम की चाल धीरे-धीरे बदल रही है। जनवरी का महीना खत्म होने की कगार पर है, लेकिन शीतलहर के साथ कोहरे का सितम कायम है। सुबह न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा रहा है। पहाड़ी क्षेत्रों पर उठ रहे पश्चिमी विक्षोभ के कारण मैदानी इलाकों में ठंड कायम है। आने वाले दिनों में यूपी समेत कई राज्यों में पश्चिमी विक्षोभ प्रभावित कर सकता है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 2 दिन में न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की और कमी आ सकती है। 29 जनवरी को पहला वेस्टर्न डिस्टर्बेंस (Western Disturbance) और 1 फरवरी को दूसरा पश्चिमी विक्षोभ असर डालेगा, जिससे आसमान में बादल छाए रहने के साथ बूंदाबांदी देखी जा सकेगी।
यूपी में कोहरा
आईएमडी के मुताबिक, 27 जनवरी को उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में घना कोहरा छाया रहेगा। हालांकि, दिन के 8 बजने तक कोहरा छट जाएगा। खासकर, गोरखपुर, देवरिया, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, गोंडा, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, पीलीभीत, बरेली, रामपुर, महराजगंज, लखनऊ, कानपुर, झांसी, बांदा, औरैया, फतेहपुर और चित्रकूट समेत कई जिलों में अभी कुछ दिनों तक घना कोहरा देखने को मिलेगा। बहरहाल, कई दिनों से दिन में सूरज की मौजूदगी से लोगों को ठंड से काफी राहत है, लेकिन दिनभर चलने वाली सर्द पछुआ हवाओं से गलन का एहसास बना हुआ है।
यूपी में कैसा रहेगा कल का मौसम
आईएमडी के मुताबिक, 28 और 29 जनवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश समेत पूर्वांचल में मौसम शुष्क रहेगा। हालांकि, कहीं हल्का तो कहीं मध्यम कोहरा छाया रहेगा। कमोबेश 30 जनवरी को भी इसी तरह के मौसम का अनुमान है, लेकिन महीने के आखिरी दिन 31 जनवरी को कुछ जिलों में बादल छाए रह सकते हैं और हल्की से मध्यम बूंदाबांदी के साथ बारिश भी हो सकती है।
महाकुंभ में कैसा रहेगा मौसम
अगर, तापमान की बात करें तो पश्चिमी विक्षोभ के असर के बाद न्यूनतम और अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। महाकुंभ क्षेत्र प्रयागराज में सोमवार को अधिकतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7 से 9 डिग्री सेल्सियस रहेगा। पछुआ हवाओं के साथ मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। वहीं, बुलंदशहर में सबसे कम तापमान दर्ज किया गया है।
यूपी का तापमान कितना है?
लखनऊ में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहेगा। हालांकि, कानपुर में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं, झांसी में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहेगा। मेरठ न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहेगा। आगरा न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। ओवरऑल यूपी का एवरेज मिनिमम टेंपरेचर 9 डिग्री सेल्सियस है।
