UP Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: उत्तर प्रदेश में नए साल से पहले बारिश दस्तक देने वाली है। आज यूपी में बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिन बारिश होने का अनुमान जताया है। बारिश से ठंड में भी बढ़ोत्तरी होने की उम्मीद है। फिलहाल प्रदेश में सुबह और रात में जोरदार ठंड पड़ रही है। साथ ही दिन में भी ठंडक महसूस होने लगी है। हालांकि दिन में अभी भी धूप निकल रही है। जिससे राहत बनी हुई है। सुबह और रात के समय कई जगहों पर कोहरा भी पड़ रहा है। यूपी में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री तक लुढ़क गया है। रविवार को अयोध्या का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री रहा। वहीं सबसे अधिक तापमान बहराइच में 26.2 डिग्री रहा।
यूपी का मौसम
आज यूपी का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आज पूर्वी और पश्चिमी यूपी में कई जिलों में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इनमें गोरखपुर, बलिया, देवरिया., संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल और बदायूं शामल हैं। सोमवार को पश्चिमी में बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की भी संभावना है। इस दौरान पूर्वी यूपी में मौसम शुष्क रह सकता है।
नोएडा-गाजियाबाद में भी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को नोएडा और गाजियाबाद में भी आसमान में बादलों का डेरा देखने को मिलेगा। इन दोनों शहरों में आज बारिश की संभावना जताई गई है। यहां अधिकतम तापमान 17 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। वहीं लखनऊ में आज कोहरे का असर देखने को मिल रहा है। दोपहर में यहां धूप भी निकलेगी। जिसकी वजह से तापमान 23 डिग्री तक पहुंच सकता है।
28 दिसंबर तक बारिश के आसार
आईएमडी ने 24 दिसंबर को पूर्वी और पश्चिमी यूपी में बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है। साथ ही देर रात और सुबह के समय दोनों हिस्सों में कुछ जगहों पर छिछला से मध्यम कोहरा भी छाया रह सकता है। हालांकि इस दिन किसी तरह की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। मौसम विभाग के अनुसार 28 दिसंबर तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है। बारिश के बाद यूपी में कंपकंपाने वाली ठंड की शुरुआत हो होगी। इस बार नए साल पर लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ सकता है।
