UP Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: उत्तर प्रदेश का मौसम धीरे-धीरे करवट ले रहा है। जहां बीते दिनों यूपी भीषण गर्मी से जूझ रहा था, वहीं अब प्रदेश में हुई बारिश और तेज हवाओं ने गर्मी से राहत दिलाई है। हालांकि अभी भी कुछ जिले लू की चपेट में हैं। मॉनसून की बात करें तो यह अपनी सामान्य रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। बिहार तक मॉनसून अपना प्रभाव दिखा रहा है। मॉनसून की आहट से प्रदेश में लू के थपेड़े मंद हो गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगामी 2-3 दिन में अच्छी बारिश होने की संभावना जताई गई है। शुक्रवार को भी यूपी के कई हिस्सों में बारिश हुई। खासतौर पर पूर्वी यूपी में बारिश से मौसम खुशनुमा हुआ है।
यूपी के मौसम का हाल
आज यूपी में बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार आज यूपी में कहीं-कहीं पर बारिश और गरज-चमक के साथ बौछार पड़ने के आसार हैं। इस दौरान पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों में लू चल सकती है। वहीं पूर्वी यूपी में गर्म और आर्द्र दिन रहने की संभावना है। इसके अलावा कई स्थानों पर 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं भी चल सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी यूपी में 23 जून से बारिश की तीव्रता और फैलाव में प्रभावी वृद्धि होने की संभावना है। 24 जून से पूर्वोत्तर तराई और पूर्वांचल के कुछ जिलों में भारी बरसात हो सकती है। वहीं 25 जून से पश्चिमी यूपी में बारिश की तीव्रता और फैलाव में बढ़ोत्तरी होने की संभावना है।
उरई रहा सबसे गर्म शहर
शुक्रवार को उरई में प्रदेश का सबसे अधिक तापमान रहा। यहां 44.6 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। जिसके बाद प्रयागराज और कनपुर में 22 डिग्री तापमान रहा। वहीं राजधानी लखनऊ में 39.2 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी यूपी में पुरवैया हवाओं का प्रभाव बढ़ेगा। जिससे 23 जून से तापमान में और गिरावट होने के आसार हैं। वहीं पश्चिमी यूपी में 24 जून तक लू की स्थिति बनी रहने की संभावना है। आगामी दिनों में पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव घटने से यहां तापमान में भी बढ़ोत्तरी हो सकती है।
इन जिलों में लू चलने के आसार
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आज लू चलने की संभावना है। इन जिलों में आगरा, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, फिरोजाबाद, मैनपुरी और उसके आसपास के इलाके शामिल हैं। इसके अलावा कई जिलों में गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवा चल सकती हैं। इनमें सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती और उसके आसपास के इलाके शामिल हैं।
