UP Aaj Aur kal ka Mausam: उत्तर प्रदेश में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। बीते दिनों प्रदेश के कई जिलों में बारिश हुई और कहीं-कहीं ओले भी गिरे। जिसके बाद एक बार फिर यूपी में बिजली बादलों की गड़गड़ाहट सुनने और बिजली की चमक देखने को मिल सकती है। इसको लेकर मौसम विभाग की ओर से बड़ा अपडेट सामने आया है। एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पश्चिमी यूपी में 27 फरवरी को गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान जताया गया है।
आज यूपी में कैसा रहेगा मौसम का हाल
आज उत्तर प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना है। इस दौरान सुबह और देर रात के समय हल्का कोहरा भी छाया रह सकता है। 26 फरवरी तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान दिन में धूप भी खिलेगी और सुबह के समय कोहरा छाए रहने की भी संभावना है। आईएमडी के अनुसार 24 फरवरी को नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने की संभावना है। जिसके प्रभाव से यूपी के कुछ इलाकों में बादल छाए रहने के आसार हैं। 27 फरवरी यूपी में फिर से बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। इस दौरान पश्चिमी यूपी जैसे मेरठ, नोएडा, गाजियाबाद समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।
प्रयागराज रहा सबसे गर्म शहर
आईएमडी के अनुसार यूपी में शुक्रवार को अधिकतर जिलों के तापमान में बढ़ोत्तरी देखने को मिली है। इस दौरान कानपुर, लखनऊ, प्रयागराज, आगरा, वाराणसी जैसे शहरों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में इजाफा हुआ है। इसके अलावा कई इलाकों में हवा की स्पीड भी सामान्य से कम रही। इस वजह से गर्मी भी ज्यादा महसूस हुआ। शुक्रवार को कुछ इलाकों में बादल भी छाए रहें। मौसम विभाग के अनुसार यूपी में शुक्रवार को सबसे ठंडा शहर अयोध्या और नजीबाबाद रहा। जहां न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान प्रयागराज में दर्ज किया गया। यहां का अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वाराणसी में भी इसी के आसपास अधिकतम तापमान रहा।
