UP Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड का दौर चल रहा है। साथ ही घना कोहरा और सर्द हवाएं भी लोगों को परेशान कर रहे हैं। शुक्रवार को यूपी में सबसे ठंडा शहर इटावा रहा। जहां का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया। वहीं सबसे अधिक तापमान बांदा में 20.8 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों में ठंड से थोड़ा राहत मिलने के आसार बन रहे हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान 4 से 6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। आज यूपी के 32 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। जल्द ही बारिश भी फिर से दस्तक देने वाली है। अगले हफ्ते यूपी में 3 दिन बारिश की संभावना जताई गई है।
आज यूपी में शुष्क रहेगा मौसम
उत्तर प्रदेश में आज मौसम शुष्क रह सकता है। आईएमडी के अनुसार शनिवार को प्रदेश के कई जिलों में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है। जिनमें देवरिया, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, गोरखपुर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, अयोध्या, अंबेडकरनगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल और बदायूं शामिल हैं।
21 से 23 जनवरी के बीच बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार 19 और 20 जनवरी को मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। 21 जनवरी को पश्चिमी यूपी में अगल-अलग स्थानों पर हल्की से बहुत हल्की बारिश हो सकती है। इस अवधि में पूर्वी यूपी में मौसम शुष्क रह सकता है। सुबह के समय दोनों हिस्सों में हल्के से मध्यम कोहरा छाने के आसार हैं। 22 और 23 जनवरी को भी ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है। इस दौरान पश्चिमी यूपी में हल्की बारिश और पूर्वी यूपी में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
आज लखनऊ का मौसम
यूपी की राजधानी लखनऊ में शुक्रवार की सुबह घना कोहरा छाया रहा। सुबह के समय आसमान में बादल भी रहे। साथ ही ठंडी हवाओं के कारण ठंड का असर भी काफी ज्यादा रहा। दिन के समय सूर्य देव ने दर्शन दिए और धूप के कारण कुछ समय के लिए ठंड से राहत भी मिली। इस दौरान अधिकमत तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आज लखनऊ में आसमान साफ रहेगा और सुबह के समय कोहरा भी छाया रह सकता है। शनिवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है।
