UP Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: उत्तर प्रदेश में इन दिनों मौसम का मिजाज बिगड़ा है। पिछले कुछ दिनों से यहां बारिश और आंधी चलने का सिलसिला जारी है। जिस कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली है। लेकिन इस बेमौसम बारिश और आंधी-तूफान ने कहर भी बरपा रहे हैं। इस कारण फसलों को काफी नुकसान हो रहा है। साथ ही उड़ानें भी प्रभावित हो रही हैं। यूपी में अभी आंधी और बारिश का दौर खत्म नहीं हुआ है। 16 अप्रैल को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। जिसका असर यूपी में भी देखने को मिलेगा।
आज पश्चिमी यूपी में साफ रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आज यूपी के पूर्वी हिस्से में कहीं-कही बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं पश्चिमी हिस्से में मौसम शुष्क रहने के आसार है। 17 अप्रैल तक पश्चिमी यूपी में मौसम साफ रहने की संभावना है। वहीं पूर्वी यूपी में गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है। जिसके बाद 18 अप्रैल को प्रदेश के दोनों हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं।
आने वाले दिनों में यूपी में तापमान
आईएमडी के अनुसार 16 अप्रैल को एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो सकता है। प्रदेश के कुछ हिस्सों में आज गर्मी परेशान कर सकती है। 15 अप्रैल से तेज हवाएं फिर से चलने के आसार हैं। तापमान की बात करें तो अगले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं आने की संभावना है। जिसके बाद इसमें 2 से 4 डिग्री की बढ़ोत्तरी हो सकती है। वहीं अधिकतम तापमान में अगले 5 दिनों में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस का इजाफा होने के आसार हैं।
फसलों पर पड़ा मौसम का कहर
यूपी में रविवार सुबह प्रयागराज, वाराणसी, सोनभद्र, मिर्जापुर, कौशांबी, प्रतापगढ़, बहराइच समेत आसपास के जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश हुई। जिस कारण कई जगहों पर पेड़ गिर गए। कुछ जगहों पर ओले भी गिरे हैं। जिससे फसलों को भी काफी नुकसान हुआ है। इसके अलावा आंधी बारिश के कारण गोरखपुर और बहराइच में भी फसलों को नुकसान हुआ है। वहीं मिर्जापुर में तेज हवाओं के कारण निर्माणाधी पुल के 20 पीपे बह गए। इसके अलावा खराब मौसम के कारण दो इंटरनेशनल फ्लाइट भी डायवर्ट की गई।
