लखनऊ वासियों के लिए खुशखबरी है। शहर में एक प्रमुख इंफ्रा प्रोजेक्ट का काम पूरा हो गया है और अब आगामी 22 फरवरी को इसे आम जनता को समर्पित किया जाएगा। लखनऊ के सांसद और देश के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ इसका लोकापर्ण करेंगे। जी हां बात गोमतीनगर के समतामूलक चौराहे से निशातगंज होते हुए हनुमान सेतु और आगे डालीगंज तक के ग्रीन कॉरिडोर के दूसरे फेज की हो रही है।
इस कॉरिडोर के खुल जाने के बाद डालीगंज से गोमतीनगर तक का सफर सिर्फ 5 से 7 मिनट में पूरा हो जाएगा। जबकि अभी इस पर लोगों को लंबे जाम से जूझना पड़ता है। हर रोज एक लाख से ज्यादा लोग जाम में फंसकर इस सफर को पूरा करते हैं। ग्रीन कॉरिडोर के फेज-2 उद्घाटन से इन लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
लखनऊ विकास प्राधिकरण यानी LDA इस ग्रीन कॉरिडोर को बना रहा है, जो दूसरे चरण में समतामूलक चौराहे से निशातगंज तक बना है। यह काम पूरा हो चुका है। निशातगंज चौराहे की री-डिजाइनिंग का काम भी लगभग पूरा हो चुका है और अब बस अंतिम चरण में फिनिशिंग का काम ही बचा है, जो तेजी से पूरा किया जा रहा है।
यही नहीं आगे भी बीरबल साहनी मार्ग से हनुमान सेतु तक सड़क चौड़ीकरण व डामरीकरण का काम भी पूरा हो चुका है। यहां पर फ्लाइओवर का निर्माण भी पूरा हो गया है, जबकि चौराहे का काम भी अंतिम चरण में है। हनुमान सेतु से डालीगंज तक फ्लाइओवर बन चुका है। समतामूलक से निशातगंज तक का हिस्सा करीब एक महीने से तैयार है, लेकिन लोकार्पण के इंतजार में इसे बंद रखा गया है। अब 22 फरवरी को इस पूरे रूट को खोलने की तैयारी है।
बता दें कि IIM से पक्का पुल तक ग्रीन कॉरिडोर के पहले चरण का काम पहले ही पूरा हो चुका है। इस हिस्से पर पिछले करीब डेढ़ वर्षों से ट्रैफिक सुचारू रूप से जारी है। हालांकि, बता दें कि इस हिस्से का भी लोकार्पण नहीं हुआ था। आगामी 22 फरवरी के कार्यक्रम में इन दोनों ही चरणों का लोकापर्ण एक साथ किया जाएगा।
