शहर

IT chowk Lucknow Pothole News: पूर्व डिप्टी सीएम के घर के सामने सड़क पर हुए बड़े गड्ढे में समाई बाइक, युवक घायल

IT chowk Lucknow Pothole News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के IT चौराहे के पास सड़क धंसने से कई फीट गहरा गड्ढा बन गया है, जिसमें एक बाइक समा गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल बाइक सवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Image

लखनऊ के IT चौक पर हुआ बड़ा गड्ढा

IT chowk Lucknow Pothole News: उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों की नगरी लखनऊ राज्य की राजनीति का गढ़ है। राज्य के मुख्यमंत्री से लेकर तमाम बड़े-बड़े महकमे यहां पर हैं। लखनऊ में वीआईपी और पर्यटकों का आना-जाना भी खूब होता है। लेकिन इसी लखनऊ से आज एक ऐसी तस्वीर आई है, जो विकास के दावों की पोल खोल देती है। पूर्व उप-मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा के घर के सामने सड़क पर इतना बड़ा गड्ढा हो गया कि एक पूरी की पूरी बाइक उसमें समा गई।

लखनऊ के व्यस्ततम IT चौराहा के पास सड़क धंसने की यह घटना हुई है। कई फीट गहरे इस गड्ढे में एक बाइक समा गई। इस हादसे में बाइक सवार घायल हो गया और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि यहीं पास में ही लखनऊ के पूर्व मेयर का भी घर है।

चिंताजनक बात ये है कि सड़क पर यह बड़ा गड्ढा लखनऊ मेट्रो लाइन के नीचे हुआ है। सड़क के जिस हिस्से में यह गड्ढा हुआ है, वहीं पर मेट्रो का पिलर भी खड़ा है। इस गहरे गड्ढे से मेट्रो के पिलर को भी नुकसान हो सकता है।

बता दें कि पिछले कुछ दिनों के दौरान लखनऊ में बहुत अधिक बारिश हुई है। बारिश के कारण तमाम सड़कों पर लगातार पानी जमा (Waterlogging) की समस्या बनी रही। अब जब सड़क से पानी की निकासी हो रही है तो सड़कों की स्थिति दयनीय हो गई है।

लखनऊ शहर के बीच सड़क पर बने इस गड्ढे को लेकर विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने सरकार और भाजपा पर हमला बोला है। कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट किया है। इस पोस्ट में कांग्रेस ने लिखा, लखनऊ के IT चौराहे पर भ्रष्टाचार का गड्ढा 🕳️ हो गया। जिसमें एक बाइक सवार जा गिरा और वो गंभीर रूप से जख्मी हो गया।'

कांग्रेस ने भाजपा पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए आगे लिखा, 'आज देश में हर तरफ ढहते-धंसते, टूटते इंफ्रास्ट्रक्चर से हाहाकार मचा है, क्योंकि करप्ट भाजपा सरकार में कमीशन का तगड़ा खेल चल रहा है। भाजपा ने अपने भ्रष्टाचार से देश को खोखला कर दिया है।'

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article