शहर

फिरोजाबाद एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, लखनऊ से दिल्ली जा रही बस पलटी, 18 यात्री घायल

फिरोजाबाद एक्सप्रेसवे पर लखनऊ से दिल्ली जा रही बस पलट गई, जिसमें 18 यात्री घायल हो गए। बस लखनऊ से दिल्ली जा रही थी कि तड़के डिवाइडर से टकराकर पलट गई। घायलों का इलाज जारी है।

Image

घायलों का इलाज जारी

Photo : ANI

Firozabad Accident: फिरोजाबाद एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। लखनऊ से दिल्ली जा रही एक निजी बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और पलट गई। इस हादसे में बस में सवार करीब 18 यात्री घायल हो गए हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय के संज्ञान लेने के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें तुरंत अलर्ट मोड पर आ गईं।

तड़के 2:30 बजे हुआ हादसा

हादसा फिरोजाबाद एक्सप्रेसवे पर शिकोहाबाद के पास हुआ। बस में सवार यात्री सुधीर ने बताया कि बस लखनऊ से दिल्ली की ओर जा रही थी। रात करीब 2:30 बजे जब सभी यात्री गहरी नींद में थे, तभी अचानक एक जोरदार टक्कर हुई और बस पलट गई। पलक झपकते ही बस के अंदर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचा और घायलों को शिकोहाबाद अस्पताल ले जाया गया।

मुख्यमंत्री कार्यालय ने लिया संज्ञान

हादसे की खबर मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया। शिकोहाबाद के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) डॉ. आर.सी. केशव ने बताया, "मुझे रात करीब 2:45 बजे फोन आया, जिसके तुरंत बाद मरीज अस्पताल पहुंचने लगे। कुल 18 मरीजों को भर्ती किया गया है। मैंने खुद इमरजेंसी वार्ड में जाकर मरीजों की जांच की। हमारी डॉक्टरों की टीम पूरी मुस्तैदी से घायलों के इलाज में जुटी है।"

घायलों की स्थिति और उपचार

डॉक्टरों के मुताबिक, अधिकांश यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। 18 घायलों में से एक यात्री की हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। पहले उसे प्रयागराज रेफर करने की चर्चा थी, लेकिन बाद में गंभीर स्थिति को देखते हुए फिरोजाबाद मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। बाकी यात्रियों का इलाज शिकोहाबाद अस्पताल में ही चल रहा है और वे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article