Lakhimpur Car Accident: लखीमपुर-सीतापुर नेशनल हाईवे पर रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जहां एक तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर सड़क किनारे रखे बिजली के ट्रांसफार्मर से टकरा गई। टक्कर इतनी भयंकर थी कि कार में तुरंत आग लग गई और देखते ही देखते पूरी गाड़ी आग का गोला बन गई। इस हादसे में कार सवार 3 लोगों की झुलसने से दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 3 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
लखीमपुर में भीषण सड़क हादसा
कार के अंदर फंसे लोग
जानकारी के अनुसार, हादसा देर रात करीब 2 बजे ओयल चौकी क्षेत्र में हुआ। बताया जा रहा है कि कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि चालक गाड़ी से नियंत्रण खो बैठा और सीधे ट्रांसफार्मर से जा टकराया। जिसके बाद कार में आग लग गई। आशंका है कि टक्कर के तुरंत बाद शॉर्ट सर्किट या फ्यूल लीक होने से कार में आग लगी गई। जिसके कारण गाड़ी के दरवाजे-खिड़कियां लॉक हों गईं और अंदर बैठे लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला।
पुलिस ने शीशे तोड़कर घायलों को निकाला
हादसे की सूचना मिलते ही ओयल चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। पुलिसकर्मियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर जलती हुई कार के शीशे तोड़े। जिसके बाद अंदर फंसे सभी 6 लोगों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। पुलिस ने सभी घायलों को तुरंत एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया। लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद 3 लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं तीन अन्य लोगों आग में बुरी तरह झुलसने के कारण गंभीर रूप से घायल हैं। उनकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है, जिनका इलाज जिला अस्पताल में जारी है। पुलिस ने तीनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।
