ओडिशा के कोरापुट जिले से दोस्ती, संघर्ष और बेबसी की एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को भावुक कर दिया। जहां एक युवक ने अपने दोस्त की जान बचाने के लिए भारी बारिश, खराब रास्तों और मुश्किल हालात का सामना किया और लगभग 8 किलोमीटर तक उसे ट्रॉली पर लेकर चलता रहा। लेकिन आखिरकार उसकी सारी कोशिश नाकाम हो गई और उसके दोस्त ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
एंबुलेंस न मिलने पर ट्राइसाइकिल बनी सहारा
जानकारी के अनुसार, दोनों दोस्त बारिश के मौसम में एक साथ घर से बाहर निकले थे, तभी अचानक उन पर बिजली गिर गई। इस हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। उस समय इलाके में आसपास कोई वाहन, एंबुलेंस या मदद उपलब्ध नहीं थी। ऐसे मुश्किल हालात में भी उसके दोस्त ने हार नहीं मानी, बल्कि खुद ही उसे अस्पताल पहुंचाने का फैसला किया। युवक ने अपने दोस्त को ट्राइसाइकिल पर बैठाया और अस्पताल की ओर निकल पड़ा।
8 किलोमीटर तक चला संघर्ष
युवक को रास्ते में भारी बारिश और खराब रास्ते का सामना करना पड़ा। इन विषम परिस्थितियों में भी वह अपने दोस्त को लेकर लगातार करीब 8 किलोमीटर तक चलता रहा। उसकी बस एक ही कोशिश थी कि वह किसी भी तरह समय रहते अपने युवक को डॉक्टर के पास पहुंचा सके ताकि उसकी जान बच सके।
लेकिन अफसोस की बात ये रही कि घायल युवक ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद युवक के परिवार में गहरा शोक फैल गया और पूरे इलाके में मातम का माहौल है। वहीं स्थानीय लोगों ने युवक के साहस, दोस्ती और समर्पण की जमकर सराहना की है। लोगों का कहना है कि उसने सच्ची दोस्ती की मिसाल पेश की है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।
