Kolkata: कोलकाता एसटीएफ ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए लोगों के पास से हथियार और गोला-बारूद बरामद हुए हैं। इस संबंध में कोलकाता पुलिस के विशेष कार्यबल (STF) ने आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
कोलकाता एसटीएफ
क्या है पूरा मामला?
पुलिस अधिकारी ने बताया कि कार से जा रहे तीन लोगों को शुक्रवार रात रोका गया और कार की तलाशी के दौरान उसमें से हथियार तथा गोला-बारूद बरामद किया गया। आरोपियों के वाहनों की जब तलाशी ली गई तो सभी आश्चर्यचकित रह गए। वाहन के बोनट के अंदर एयर क्लीवर फिल्टर के बॉक्स में 9 एमएम और 7 एमएम की पिस्तौल के अलावा 17 राउंड गोला-बारूद मिला।
पुलिस ने तत्काल प्रभाव से दोनों पिस्तौल और गोला-बारूद को बरामद कर लिया। बकौल कोलकाता एसटीएफ, गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान संतोष साहनी, जितेंद्र कुमार और मनोज कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि कार से नौ एमएम की एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल, सात एमएम की एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल, चार मैगजीन और गोला-बारूद बरामद किया गया। तीनों लोग उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं और उन्हें शस्त्र अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया है।’
उन्होंने बताया कि एसटीएफ थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों को शनिवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
