Sabarmati Bullet Train Station Fire: गुजरात के निर्माणाधीन साबरमती बुलेट ट्रेन स्टेशन में आज (8 फरवरी) सुबह आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 13 गाड़ियां मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद दमकल विभाग की टीम ने आग पर काबू पाया। जानकारी के अनुसार, इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर सामने नहीं आई है।
घटनास्थल पर मौजूद एक अधिकारी ने बताया कि साबरमती बुलेट ट्रेन स्टेशन पर सुबह करीब 6:30 बजे आग लग गई। आग लगने की जानकारी मिलते ही दमकल के अधिकारी मौके पर पहुंचे। परियोजना के लिए जिम्मेदार एजेंसी नेशनल हाई स्पीड रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एनएचएसआरसीएल) द्वारा जारी बयान के अनुसार, निर्माण स्थल के एक हिस्से की छत पर लगी शटरिंग में आग लगने की सूचना मिली थी। एनएचएसआरसीएल द्वारा जारी बयान में कहा गया कि प्रथम दृश्यता में ऐसा लगता है कि अस्थायी शटरिंग कार्य से वेल्डिंग की चिंगारी से आग लगी होगी। लेकिन अभी तक आग लगने की सही वजह का पता नहीं लग पाया है। वजह जानने के लिए जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, एनएचएसआरसीएल के अधिकारी घटनास्थल पर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। यह स्टेशन 508 किलोमीटर लंबी मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना का हिस्सा है। इस परियोजना में गुजरात (352 किमी) और महाराष्ट्र (156 किमी) शामिल हैं, जिसमें मुंबई, ठाणे, विरार, बोईसर, वापी, बिलिमोरा, सूरत, भरूच, वडोदरा, आनंद/नडियाद, अहमदाबाद और साबरमती में कुल 12 स्टेशनों की योजना बनाई गई है।
