Indian Armed Forces Vision 2047: कोलकाता में आज आयोजित संयुक्त कमांडर्स सम्मेलन (CCC 2025) में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘Indian Armed Forces Vision 2047’ दस्तावेज का अनावरण किया। पूर्वी कमान मुख्यालय की मेजबानी में हो रहा यह सम्मेलन इस बार ‘Year of Reforms - Transformation for the Future’ थीम पर केंद्रित है। सम्मेलन में सशस्त्र बलों के आधुनिकीकरण, संयुक्तता, एकीकरण और बहु-क्षेत्रीय युद्ध के लिए ऑपरेशनल तैयारियों को लेकर गहन विचार-विमर्श हो रहा है।
आर्म्ड फोर्सेज विजन 2047 दस्तावेज का अनावरण
महत्वपूर्ण मील का पत्थर
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में भारतीय सशस्त्र बलों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने 'ऑपरेशन सिंदूर' में जो अद्वितीय साहस और प्रतिबद्धता दिखाई है, वह राष्ट्र के लिए गर्व की बात है। पीएम मोदी ने कहा कि Indian Armed Forces Vision 2047 दस्तावेज देश के रक्षा ढांचे को भविष्य के लिए तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।
साइबर और स्पेस डोमेन में क्षमताओं के विकास
इसमें तकनीकी उन्नति, साइबर और स्पेस डोमेन में क्षमताओं के विकास, तथा थल, जल और वायु सेनाओं के बीच तालमेल को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की रूपरेखा पेश की गई है। उन्होंने जोर दिया कि बदलते वैश्विक सुरक्षा परिदृश्य में भारतीय सशस्त्र बलों को न केवल आत्मनिर्भर बनना होगा, बल्कि नई तकनीकों और रणनीतियों को भी अपनाना होगा, ताकि 2047 तक भारत की रक्षा क्षमता अभेद्य हो सके।
