शहर

मांगें नहीं मानीं तो तेज होगा आंदोलन, पंजाब के मंत्रियों के घरों के बाहर बैठेंगे किसान; KMM का 14 सितंबर से धरने का ऐलान

किसान मजदूर मोर्चा ने MSP पर फसलों की सरकारी खरीद, कर्ज माफी और अन्य मांगों को लेकर 14 सितंबर से पंजाब के मंत्रियों व नेताओं के आवासों के बाहर धरना देने का ऐलान किया है। मांगें पूरी नहीं होने पर 16 सितंबर की बैठक के बाद आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी गई है।

Image

किसान मजदूर मोर्चा (फाइल फोटो)

चंडीगढ़ : किसान मजदूर मोर्चा (KMM) ने पंजाब सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। मोर्चा ने कहा कि किसानों और मजदूरों की विभिन्न मांगों को लेकर 14 सितंबर से पंजाब के मंत्रियों और नेताओं के आवासों के बाहर धरना दिया जाएगा। प्रमुख मांगों में किसानों और मजदूरों का कर्ज माफ करना तथा फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर सरकारी खरीद शामिल है।

इस संबंध में बुधवार को चंडीगढ़ में किसान मजदूर मोर्चा की बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता किसान नेता जसविंदर सिंह लोंगोवाल और बलदेव सिंह जीरा ने की। बैठक के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मोर्चा के नेताओं ने कहा कि यदि पंजाब सरकार ने उनकी मांगों का समाधान नहीं किया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। किसान नेताओं ने बताया कि आंदोलन की स्थिति की समीक्षा के लिए 16 सितंबर को फिर बैठक की जाएगी। यदि तब तक मांगें पूरी नहीं हुईं तो आगे के आंदोलन को और व्यापक करने पर फैसला लिया जाएगा। इस दौरान किसान नेता सरवन सिंह पंधेर, ओंकार सिंह और मनजीत सिंह राय समेत कई नेता मौजूद रहे।

क्या हैं मांगें

KMM ने बासमती, मक्का, मूंग, सरसों और आलू की MSP पर सरकारी खरीद की मांग की है। किसान नेताओं का आरोप है कि इन फसलों के उत्पादकों को उचित मूल्य नहीं मिल रहा और उन्हें अपनी उपज कम दाम पर बेचने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। मोर्चा ने किसानों और मजदूरों का पूरा कर्ज माफ करने की भी मांग उठाई।

किसान संगठन ने आत्महत्या करने वाले किसानों और मजदूरों के परिवारों को पर्याप्त मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की। इसके अलावा पंजाब में बार-बार आने वाली बाढ़, भूजल स्तर में गिरावट और बढ़ते वायु एवं जल प्रदूषण से निपटने के लिए प्रभावी नीति बनाने की मांग की गई।

मोर्चा ने पंजाब विधानसभा में Seed Bill 2025, मनरेगा के स्थान पर केंद्रीय सरकार द्वारा लाए गए कानून और Electricity Amendment Bill 2025 के खिलाफ प्रस्ताव पारित करने की मांग की। साथ ही भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को रद्द करने की मांग वाला प्रस्ताव विधानसभा में पारित करने की भी मांग की गई।

किसान नेताओं ने किसान-मजदूर आंदोलनों के दौरान पुलिस और रेलवे की ओर से दर्ज मामलों तथा पराली जलाने से जुड़े मामलों को रद्द करने की मांग की। KMM ने लैंड-पूलिंग नीति का भी विरोध किया और भारatmala परियोजना के लिए किसानों की जमीन के कथित जबरन अधिग्रहण को रोकने की मांग की है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article