Delhi Fraud Case: दिल्ली के कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन के पास 2.75 लाख रुपये की ठगी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में मेट्रो पुलिस ने दो शातिर आरोपियों को उत्तराखंड के चमोली जिले से गिरफ्तार कर लिया है। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी नई मोटरसाइकिल से बद्रीनाथ की ओर जा रहे थे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर उनकी पहचान की और रातभर पीछा करने के बाद उन्हें पकड़ लिया। आरोपियों के पास से बाइक और 20,500 रुपये बरामद हुए हैं। पुलिस बाकी रकम की बरामदगी के प्रयास कर रही है।
सांकेतिक फोटो
गेट नंबर-6 के पास हुई थी ठगी
पुलिस के मुताबिक, 10 नवंबर को कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-6 के पास एक्स-रे मशीन के पास 2 लाख 75 हजार रुपये की ठगी की वारदात हुई थी। इस मामले में 11 नवंबर को कश्मीरी गेट मेट्रो थाने में शिकायत दर्ज कर जांच शुरू की गई।जांच के लिए स्पेशल स्टाफ मेट्रो और कश्मीरी गेट मेट्रो थाने की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही मोबाइल डेटा की भी जांच की गई। इन सबूतों के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों की पहचान की।
नई बाइक से बद्रीनाथ जा रहे थे आरोपी
जांच में पता चला कि वारदात के बाद दोनों आरोपी नई मोटरसाइकिल से उत्तराखंड के बद्रीनाथ की ओर निकल गए हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने उनकी लोकेशन ट्रेस कर रातभर उनका पीछा किया। पुलिस ने चमोली जिले में कई होटलों और ठहरने की जगहों पर उनकी तलाश की और आखिरकार दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहित मिश्रा (24) और सत्यम सिंह (25) के रूप में हुई है। दोनों उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के मूल निवासी हैं और दिल्ली के सोनिया विहार इलाके में रह रहे थे। मोहित शकरपुर में प्राइवेट कार चलाता है, जबकि सत्यम सदर बाजार में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी कर चुका है। पुलिस के अनुसार, सत्यम के खिलाफ पहले भी लूट का एक मामला दर्ज है।
20,500 रुपये और मोटरसाइकिल बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक मोटरसाइकिल और 20,500 रुपये बरामद किए हैं। ठगी की कुल रकम 2.75 लाख रुपये थी। ऐसे में बाकी 2 लाख 54 हजार 500 रुपये अभी बरामद किए जाने हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर बाकी रकम बरामद करने और मामले से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटाने में लगी है।
