Shahjahanpur Accident: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां दो ट्रकों के बीच मोटरसाइकिल सवार दो लोग आ गए। ट्रक के बीच में दबने से दोनों युवकों की मौत हो गई। इस हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को जब्त करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू की गई।
शाहजहांपुर दर्दनाक सड़क हादसा
दो ट्रक के बीच दबने दो युवकों की मौत
पुलिस अधीक्षक राजेश एस ने मंगलवार को बताया कि शहर कोतवाली क्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बरेली मोड़ से आगे, एक मोटरसाइकिल बरेली की ओर जा रही थी, जिस पर दो युवक सवार थे। उन्होंने बताया कि मोटरसाइकिल के आगे एक ट्रक जा रहा था और एक ट्रक उसके पीछे था। मोटरसाइकिल दो ट्रकों के बीच में थी।
इसी बीच, सम्भवत: आगे जा रहे ट्रक के अचानक ब्रेक लगाने से मोटरसाइकिल उससे टकरा गई। तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हादसे में मोटरसाइकिल सवार दोनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। उनकी आयु 28 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है। पुलिस मृतकों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
(इनपुट - भाषा)
