कानपुर

IND vs NZ: चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में न्यूजीलैंड को पटखनी देगा भारत! कानपुर में क्रिकेट प्रेमियों ने किया हवन और पूजापाठ

India vs New Zealand: भारत और न्यूजीलैंड के बीच चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल मुकाबला आज दुबई में खेला जाना है। टीम इंडिया के प्रशंसकों में चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल से पहले भारी उत्साह देखा जा रहा है। देशभर में कई जगहों पर हवन और पूजा पाठ हो रहा है, भारत की जीत सुनिश्चित करने के लिए क्रिकेट प्रेमियों ने ईश्वर से आशीर्वाद मांगा।

Image

भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले फाइनल मुकाबले को लेकर देशभर में पूजा-पाठ हो रही है।

Champions Trophy Final: आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल मुकाबले से पहले टीम इंडिया के प्रशंसकों ने भक्ति और देशभक्ति का अनूठा प्रदर्शन करते हुए देश के कई जगहों पर हवन और पूजा पाठ शुरू कर दी है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले फाइनल मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। इसी बीच भारत को जीत दिलाने के लिए कानपुर में कई जगहों पर क्रिकेट प्रेमियों ने रात से ही पूजा पाठ शुरू कर दी है।

भारत और न्यूजीलैंड के बीच फाइनल को लेकर भारी उत्साह

उत्तर प्रदेश के कानपुर में भारतीय क्रिकेट टीम के समर्थक न्यूजीलैंड के खिलाफ आज होने वाले फाइनल मुकाबले में टीम की जीत के लिए प्रार्थना करने हेतु राधा माधव मंदिर में हवन कर रहे हैं। भारत और न्यूजीलैंड के बीच आज चैंपियन ट्रॉफी का फाइनल मैच होना है। कानपुर में मैच को लेकर भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।

कानपुर के 80 फिट रोड पर हनुमान जी की मूर्ति लगाकर क्रिकेट प्रेमियों ने पूजापाठ की। वहीं भारत की जीत को लेकर हनुमान चालीसा का पाठ प्रारंभ कर दिया है, जो पाठ आज मैच खत्म होने के बाद ही समाप्त होगा। सिर्फ कानपुर ही नहीं देश के कई हिस्सों में क्रिकेट प्रेमी फाइनल मुकाबले में भारत की जीत के लिए ईश्वर से प्रार्थना कर रहे हैं।

टीम इंडिया के प्रशंसकों ने बेंगलुरु ईश्वर से मांगा आशीर्वाद

बेंगलुरु के एक शिव मंदिर में एक विशेष आरती (प्रार्थना अनुष्ठान) की, जिसमें न्यूजीलैंड के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल में टीम की सफलता के लिए ईश्वर से आशीर्वाद मांगा। टीम इंडिया की क्षमताओं में अटूट विश्वास के साथ, प्रशंसकों का मानना था कि भगवान का आशीर्वाद मांगने से उनकी जीत की संभावना और बढ़ जाएगी। प्रशंसक प्रार्थना करें, सफलता की कामना करें और टीम इंडिया की सफलता के लिए एकत्र हुए, जिसे टीम के प्रति उनका उत्साह और समर्पण दिखा। प्रशंसकों ने पूजा के बाद मंदिर के बाहर टीम की जीत के लिए नारे लगाए। उनके हाथों में भारतीय खिलाड़ियों के प्लेकार्ड थे।

प्रशंसकों ने साथ ही माना कि न्यूजीलैंड की टीम अच्छी है, उसके पास भी अच्छे खिलाड़ी हैं लेकिन हमें यकीन है कि कप भारत की झोली में ही गिरेगा।

दोनों टीमों के मौजूदा खिलाड़ियों ने कई बार खुद को किया साबित

आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच रविवार को खिताबी भिड़ंत होगी। आईसीसी प्रतियोगिताओं में इन टीमों का रिकॉर्ड शानदार रहा है और दोनों के पास स्क्वॉड में दिग्गज खिलाड़ी भी शामिल हैं। भारत के पास विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे दो खिलाड़ी हैं जिन्होंने भारत की सफलताओं में बड़ा योगदान दिया है। कोहली ने तीन बार आईसीसी प्रतियोगिता में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट अवार्ड जीता है। इस बार भी वह रंग में दिखाई दे रहे हैं। पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उनकी पारियां यादगार रही हैं।

क्रिस गेल को पछाड़ने से मात्र 45 रन दूर हैं विराट कोहली

कोहली ने टी20 वर्ल्ड कप 2014 और 2016 में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट खिताब जीता था। वह 2023 के वनडे वर्ल्ड कप में भी 765 रन बनाकर रिकॉर्ड के साथ इस अवार्ड को जीत चुके हैं। कोहली चैंपियंस ट्रॉफी में सर्वाधिक रन बनाने के मामले में क्रिस गेल को पछाड़ने से मात्र 45 रन दूर हैं। रोहित शर्मा भी आईसीसी इवेंट में पीछे नहीं रहे हैं। उनके नाम वनडे वर्ल्ड कप में 7 शतक लगाने का रिकॉर्ड है, जो किसी बल्लेबाज ने नहीं लगाए हैं। पांच शतक तो 2019 के वर्ल्ड कप सीजन में आए थे। टी20 वर्ल्ड कप में भी रोहित से ज्यादा छक्के (50) किसी और बल्लेबाज ने नहीं लगाए हैं।

मोहम्मद शमी और रविंद्र जडेजा पर रहेगी खास नजर

रविंद्र जडेजा 20 विकेटों के साथ चैंपियंस ट्रॉफी में सर्वाधिक विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज हैं। उन्होंने 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच अवार्ड जीता था। उस प्रतियोगिता में उन्होंने गोल्डन बॉल भी जीती थी। भारत के पास प्लेइंग 11 में मोहम्मद शमी भी शामिल होंगे, जिन्होंने विश्व कप 2023 के एक संस्करण में 24 विकेट हासिल किए थे। किसी भारतीय गेंदबाज ने विश्व कप के एक संस्करण में इतने विकेट नहीं लिए हैं।

न्यूजीलैंड के बार केन विलियमसन जैसा दमदार खिलाड़ी

ऐसे ही न्यूजीलैंड की टीम के पास केन विलियमसन होंगे, जो उनके सबसे बड़े मैच विनर हैं। उन्होंने मौजूदा टूर्नामेंट में भारत के खिलाफ भी शानदार पारी खेली थी। आईसीसी सफेद गेंद टूर्नामेंट में किसी और कीवी बल्लेबाज ने विलियमसन से अधिक रन नहीं बनाए हैं। वह 2019 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी थे।

कप्तान सेंटनर पर भी रहेंगी सभी की निगाहें

इस टीम में कप्तान मिशेल सेंटनर भी होंगे, जो पहली बार किसी आईसीसी टूर्नामेंट में कमान संभाल रहे हैं और उन्होंने अपने काम को बखूबी अंजाम दिया है। अनुभवी बाएं हाथ के स्पिनर ने कई मौकों पर टीम को मैच जिताए हैं। 2016 के टी20 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन का इतिहास उनके नाम है। चैंपियंस ट्रॉफी में भी वह कसी हुई गेंदबाजी कर रहे हैं।

कीवी गेंदबाज मैट हेनरी एक और ऐसे बॉलर हैं, जिनसे भारतीय टीम सावधान रहना चाहेगी। मौजूदा चैंपियंस ट्रॉफी में इस पेसर ने सर्वाधिक विकेट हासिल किए हैं। हेनरी के साथ भारत की बहुत अच्छी यादें नहीं हैं। हेनरी ने 2019 के चर्चित सेमीफाइनल में भारत के खिलाफ 37 रन देकर 3 विकेट हासिल किए थे।

Ayush Sinha
आयुष सिन्हाauthor

मैं टाइम्स नाउ नवभारत (Timesnowhindi.com) से जुड़ा हुआ हूं। कलम और कागज से लगाव तो बचपन से ही था, जो धीरे-धीरे आदत और जरूरत बन गई। मुख्य धारा की पत्रकारिता से जुड़े हुए 10 साल पूरे हो चुके हैं। लोकसभा चुनाव 2014 से पहले ही मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई के बीच में ही देश की राजधानी दिल्ली आने की ठान ली थी। उससे पहले मैंने कभी ये सोचा तक नहीं था कि मैं बनारस बोले तो वाराणसी शहर से बाहर भी जा सकता हूं। जी हां, मेरा नाता काशी से है। जन्म के साथ-साथ शिक्षा दीक्षा भी बनारस में ही हुई। राष्ट्रपिता मोहनदास करमचंद गांधी (बापू) द्वारा स्थापित किए गए विश्वविद्यालय- 'महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ' से मैंने पत्रकारिता में स्नातक किया है। ग्रेजुएशन के दौरान ही विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यापकों ने बड़ी ही सख्ती से मेरी नक्काशी करने की कोशिश की। ग्रेजुएशन के आखिरी वर्ष आते-आते मैंने दिल्ली की ट्रेन पकड़ी और यहां पहुंच गया। आव देखा न ताव, दिल्ली NCR में बड़े-बड़े मीडिया समूहों के दफ्तरों के बाहर अपना बायोडेटा डाल कर प्रयास में जुट गया। काफी धैर्य के बाद ZEE मीडिया समूह से जुड़ने का मौका मिला। मेरे पत्रकारिता के सफर की शुरुआत टेलीविजन के इनपुट डिपार्टमेंट से हुई। यहां मैं असाइनमेंट डेस्क पर था। कुछ महीनों तक खुद को इस समूह के साथ जोड़े रखने के बाद वर्ष 2015 में मैंने प्रिंट मीडिया का रुख कर लिया और ALL RIGHTS नाम की मैगज़ीन के साथ जुड़ गया। बतौर विशेष संवाददाता (Special Correspondent) मेरे कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मैं उन दिनों देशभर के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्र के सांसदों, केंद्रीय मंत्रियों और दिल्ली सरकार के विधायकों और मंत्रियों का साक्षात्कार करता था। मैगज़ीन के संपादकीय पृष्ठ के लिए मैं लेख भी लिखता था। राजनीतिक खबरों से लगाव होने के चलते मैंने इस बीट को ही अपना हमसाया बना लिया। मैगजीन के बाद फिर टेलीविजन का रुख किया और इसी साल दोबारा ज़ी मीडिया से जुड़ गया। यहां साढ़े 3 सालों तक काम करने के बाद मैंने डिजिटल मीडिया में कदम रखने की ठान ली। रिपब्लिक भारत की लॉन्चिंग से पहले मुझे इसकी वेबसाइट से जुड़ने का मौका मिला। रिपब्लिक से जुड़ने के साथ ही मैंने दिल्ली छोड़कर मुंबई का रुख कर लिया। समंदर किनारे बसे इस शहर में मैंने डिजिटल पत्रकारिता के गुर को सीखा। इस संस्थान में मुझे रिपोर्टर के तौर पर मौका दिया था। कुछ ही महीने बाद मैं वापस दिल्ली आ गया और मैंने न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया में एसोसिएट प्रोड्यूसर और रिपोर्टर की भूमिका में काम किया। चंद महीने बाद ही ज़ी मीडिया समूह के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करने का अवसर मिला। ज़ी हिन्दुस्तान के लिए मैंने स्पेशल खबरों पर काम किया और इस समूह का पहला डिजिटल रिपोर्टर बन गया। इसके बाद मुझे वीडियो सेक्शन का हेड बना दिया गया। मैंने चुनावी कवरेज की, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और साथ ही साथ वीडियो सेक्शन को नए शिखर पर पहुंचाने की कोशिश की। मैं कविताएं और किस्से-कहानियां भी लिखता रहता हूं। पढ़ाई के दौरान ही मैंने दो किताबें भी लिखी, एक नॉवेल और दूसरी पोएट्री बुक। पत्रकारिता में रहते हुए मैंने कई "स्टिंग ऑपरेशन" भी किए। मेरे सफर को और भी खूबसूरत बनाने के लिए टाइम्स समूह ने मुझे मौका दिया। मैं जुलाई, 2023 में इस संस्थान से जुड़ा और मुझे मेन डेस्क पर खबरों से दो-चार होते रहने की जिम्मेदारी सौंपी गई। राजनीतिक विश्लेषण के साथ विस्तार से खबरों को परोसता हूं और अपने पाठकों को कुछ नया देने का प्रयास करता हूं।

और पढ़ें
End of Article