Kanpur Central Railway Station: उत्तर प्रदेश के कानपुर स्थित सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर अब कैंट साइड से किसी भी प्लेटफार्म पर जाने और बाहर निकलने के लिए प्लेटफार्म नंबर एक पर जाने की जरूरत नहीं होगी। यहां अब आरपीएफ थाने के पास में स्वचलित सीढ़ी (एस्केलेटर) बनाई जा रही हैं। मार्च में यात्रियों को यह सुविधा मिलने लगेगी। अभी तक प्लेटफार्म नंबर एक पर बने दोनों पैदल यात्री पुल या सुरंग के रास्ते से होकर ही अलग-अलग प्लेटफार्म पर आना-जाना होता है। रेलवे स्टेशन के सिटी साइड में बाहरी तरफ दिल्ली और हावड़ा छोर पर फुटओवर ब्रिज पर चढ़ने के लिए सीढ़ियां और स्वचलित सीढ़ी दोनों हैं।
सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर स्वचलित सीढ़ियों की सुविधा
अमृत भारत स्टेशन के तौर पर कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन को विकसित करने के लिए कैंट साइड स्टेशन का ऐतिहासिक स्वरूप नहीं बदला जाएगा। आधुनिक स्वरूप सिटी साइड की ओर ही होगा। सिटी साइड की तरफ आलीशान इमारत, मॉल, मल्टीप्लेक्स और होटल रहेंगे।
