Kanpur News: उत्तर प्रदेश में हुई एक घटना ने सबको चौंका दिया है। यहां एक शख्स ने सोसाइटी के सचिव की नाक काट ली, वो भी पार्किंग के विवाद पर। मामला कानपुर के बिठूर थाना क्षेत्र के नारामऊ स्थित रतन प्लैनेट अपार्टमेंट का है। जहां पार्किंग को लेकर हुए मामूली विवाद ने ये खौफनाक और चौंकाने वाला मोड़ ले लिया।
गुस्से में सोसाइटी के सेकरेट्री की नाक काटी (प्रतीकात्मक तस्वीर)
फ्लैट मालिक और आरोपी जिसका नाम क्षितिज बताया जा रहा है, उसकी और अपार्टमेंट सोसाइटी के सचिव और रिटायर्ड इंजीनियर रूपेंद्र के बीच ऐसी बहस हुई कि क्षितिज ने रूपेंद्र की नाक काट ली। यह घटना सोमवार शाम को हुई, जब क्षितिज ने अपनी पार्किंग में किसी और की गाड़ी देखी और रूपेंद्र को नीचे बुलाया। दोनों के बीच तीखी बहस हुई, जो जल्द ही हिंसक हो गई। क्षितिज ने रूपेंद्र को थप्पड़ मारे और फिर उस पर हमला कर दांत से नाक काटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। यह अजीबोगरीब घटना सोसाइटी के सीसीटीवी में कैद हो गई। घटना के बाद, रूपेंद्र को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उनके बेटे की शिकायत पर बिठूर पुलिस ने क्षितिज के खिलाफ मारपीट और गंभीर चोट पहुंचाने का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। बिठूर थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच से यह स्पष्ट है कि विवाद पार्किंग को लेकर था, जो हिंसक रूप में बदल गया। इस घटना ने अपार्टमेंट के निवासियों में चिंता पैदा कर दी है और सोसाइटी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
