Kanpur News: कानपुर में एक बड़ा ट्रेन हादसा ड्राइवर की सूझबूझ से टल गया। भिवानी से प्रयागराज जा रही कालिंद्री एक्सप्रेस जैसे ही कानपुर के चौबेपुर क्षेत्र के मरियानी गांव के पास पहुंची, तभी अचानक ट्रेन में हलचल महसूस हुई। सतर्कता दिखाते हुए ड्राइवर ने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगा दी, जिससे संभावित दुर्घटना टल गई।
कानपुर में रेल हादसा टला
जानकारी के मुताबिक, लगातार बारिश के चलते रेलवे ट्रैक धंस गया था। ट्रेन करीब 45 मिनट तक मौके पर खड़ी रही। सूचना मिलते ही रेलवे के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और ट्रैक की मरम्मत का कार्य शुरू किया। उनकी तत्परता और ड्राइवर की सतर्कता के चलते एक बड़ा हादसा टल गया।
कोई जनहानि नहीं हुई
रेलवे पुलिस और इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। जैसे ही सूचना मिली, रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों को स्थिति से अवगत कराया और उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया। सौभाग्य से कोई जनहानि नहीं हुई और सभी यात्री सुरक्षित हैं। लोको पायलट की सतर्कता और त्वरित फैसले की सभी सराहना कर रहे हैं। इस बीच धंसी हुई पटरी की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है।
