कानपुर शहर को रफ्तार देने के प्रयास लगातार जारी हैं। एक समय कानपुर को ईस्ट का मैनचेस्टर कहा जाता था। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ की ट्विन सिटी के रूप में कानपुर का विकास तेजी से हो रहा है। इसी कड़ी में कानपुर में मेट्रो का संचालन भी किया जा रहा है। कानपुर मेट्रो सेवा को और भी बेहतर बनाने के लिए प्रयासों के तहत एक बड़ा कदम आगामी 24 अप्रैल को उठाया जाएगा।
जी हां, आगामी 24 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यहां पूरी तरह से बनकर तैयार पांच नए मेट्रो स्टेशनों का उद्घाटन करेंगे। हालांकि, प्रधानमंत्री द्वारा उद्घाटन की अभी तक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन यह स्टेशन बनकर तैयार हैं और उद्घाटन का इंतजार कर रहे हैं। इसके लिए सभी पांचों मेट्रो स्टेशनों को दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है।
कानपुर का नागरिक प्रशासन, मेट्रो विभाग और पुलिस बल सभी पीएम मोदी के आगमन और पांच मेट्रो स्टेशनों के उद्घाटन की तैयारियों में जुटा हुआ है।
पांचों स्टेशनों के नाम की लिस्ट यहां है
- चुन्नीगंज
- परेड
- बड़ा चौराहा
- नयागंज
- कानपुर सेंट्रल
इन पाचों स्टेशनों पर अत्याधुनिक सुविधाएं मौजूद होंगी। यहां फास्ट एस्केलेटर, लिफ्ट, डिजिटल इंफॉर्मेशन बोर्ड और CCTV कैमरे लगाए गए हैं। यात्रियों की सुविधाओं का ध्यान रखने के साथ ही इन स्टेशनों पर उनकी सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखा गया है।
CSA मैदान में तैयारियां
इन पाचों स्टेशनों की बाहरी सजावट के लिए रंग-बिरंगी लाइट्स के साथ ही फूलों की बंदनवार और वेलकम बोर्ड भी लगाए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री जब इन पांच स्टेशनों का उद्घाटन करेंगे तो इस दौरान वह गीता नगर स्टेशन से मेट्रो की प्रतीकात्मक यात्रा भी कर सकते हैं। पीएम मोदी के स्वागत कार्यक्रम के लिए CSA मैदान में तैयारियां चल रही हैं।
पीएम मोदी के संभावित कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर कड़ी नजर रखी जा रही है। जिन पांच स्टेशनों का उद्घाटन पीएम मोदी 24 अप्रैल को करेंगे, वहां से कानपुर के दक्षिण और मध्य इलाकों के लिए लिए लोगों को सीधी मेट्रो सेवा उपलब्ध हो जाएगी। इससे यात्रियों को सफर में आसानी तो होगी ही, साथ ही शहर को ट्रैफिक जाम व प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलेगी।
पीएम मोदी के कार्यक्रम और पांच नए मेट्रो स्टेशनों के उद्घाटन को लेकर कानपुर के लोगों में जबरदस्त उत्साह है। पीएम मोदी का दौरा अभी तय नहीं है। अगर 24 अप्रैल को पीएम मोदी का दौरा तय हो जाता है तो यह कानपुर के इतिहास में खास दिन बन सकता है।
