Kanpur News: उत्तर प्रदेश में एक SUV कार से एक्सीडेंट में दंपति की जान चली गई। कानपुर नगर के आनंदेश्वर शिव मंदिर के बाहर शनिवार सुबह एसयूवी कार से कुचले जाने से एक बुजुर्ग दंपती की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार तुरंत कार्रवाई करते हुए मंदिर और आसपास के परिसरों में लगे कैमरों के सीसीटीवी फुटेज की जांच के आधार पर आरोपी औॉर कथित कार चालक राजेश कुमार तिवारी (45) को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोप है कि चालक वाहन चलाते समय नशे में धुत था।
कानपुर में SUV से एक दंपति की मौत
कार से बुजुर्ग दपंति की मौत
हादसे में मृतकों की पहचान कानपुर के सजेती निवासी सीता राम (70) और उनकी पत्नी शांति देवी (65) के रूप में हुई है।मृत दंपती के बेटे लाखन सिंह ने पुलिस को दी गयी अपनी तहरीर में आरोप लगाया है कि वह अपने बुजुर्ग माता-पिता के साथ सुबह की प्रार्थना में शामिल होने के लिए आनंदेश्वर मंदिर गए थे और मंदिर तक पहुंचे ही थे कि एक एसयूवी कार ने उनके माता-पिता को कुचलकर मार दिया, जिसमें चालक सहित तीन लोग सवार थे।
घटना के बाद चालक फरार
पुलिस उपायुक्त (मध्य) दिनेश त्रिपाठी ने पीटीआई-भाषा को बताया कि बुजुर्ग दंपत्ति मंदिर के बाहर सड़क पर थे, तभी एक कार ने उनको कुचल दिया। उन्होंने बताया कि घटना के बाद चालक मौके से भाग गया। त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी और वाहन का पता लगाया। फुटेज में दिखाया गया कि कार में तीन लोग सवार थे। डीसीपी ने चालक राजेश कुमार तिवारी को गिरफ्तार करने की पुष्टि की और कहा कि आरोपी को रविवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
उन्होंने बताया कि वाहन को जब्त कर लिया गया है और पुलिस ने कार से शराब की बोतलें भी बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 (गैर इरादतन हत्या जो हत्या की श्रेणी में नहीं आती) और 352 (जानबूझकर अपमान) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है।
(इनपुट- भाषा)
