प्रयागराज में तीन दिन की राहत के बाद फिर जाम
प्रयागराज में भी तीन दिन की राहत के बाद आज फिर से भीषण जाम की स्थिति देखने को मिल रही है। वीकेंड पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु महाकुंभ स्नान के लिए आ रहे हैं। इस कारण शहर के अलग-अलग हिस्सों में जाम देखने को मिल रहा है। बालसन, एएन झा रोड, नया यमुना ब्रिज से लेकर सेंट्र्ल जेल नैनी तक लंबा ट्रैफिक जाम है। वहीं मिर्जापुर रोड पर भी दोपहर 12 बजे पांच किलोमीटर लंबा जाम रहा।
माघी पूर्णिमा के बाद भी कम नहीं हुआ जाम
महाकुंभ में माघी पूर्णिमा का स्नान बीतने के बाद प्रयागराज में भीड़ का दबाव कम होने की संभावना जताई जा रही थी। लेकिन ऐसा हुआ नहीं। प्रयागराज में कई जगहों पर जाम के हालत आज भी बने रहे। महाकुंभ मे ट्रैफिक को कंट्रोल करने के लिए सीएम योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे सड़क पर स्वयं उतरकर व्यवस्था को संभालें। साथ ही यह भी कहा कि प्रयागराज जनपद, प्रयागराज महाकुंभ नगर, अयोध्या, वाराणसी और आसपास के सभी जिलों में कहीं भी जाम ना लगे, इसके लिए हर स्तर पर जवाबदेही सुनिश्चित करें।
