Kanpur News: कानपुर में जीएसटी विभाग ने करोड़ों रुपये की जीएसटी चोरी के एक बड़े मामले का पर्दाफाश किया है। यह घोटाला पान मसाला के परिवहन के दौरान फर्जी ई-वे बिल बनाने से जुड़ा हुआ है। पनकी थाने में जीएसटी विभाग की शिकायत पर दो ट्रांसपोर्ट कंपनियों श्रीजी ट्रांसपोर्ट और गणपति रोड करियर प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। ये कंपनियां पान मसाला के माल को ढोने का काम करती थीं।
GST विभाग ने बड़े कर चोरी घोटाले का किया पर्दाफाश
जांच में यह सामने आया कि माल की ढुलाई के लिए गलत बिल्टी और नकली ई-वे बिल तैयार किए गए थे, जिनके जरिये करोड़ों रुपये की जीएसटी चोरी की गई। सूत्रों के मुताबिक, यह नेटवर्क लंबे समय से सक्रिय था और बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी कर रहा था। विभाग की छापेमारी में दस्तावेज और रिकॉर्ड जब्त किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में करोड़ों रुपये की कर चोरी उजागर हुई है, लेकिन जांच पूरी होने पर यह राशि और भी बढ़ सकती है। विभाग ने यह भी बताया है कि इस टैक्स चोरी में शामिल अन्य व्यक्तियों और कंपनियों की पहचान की जा रही है। पुलिस और जीएसटी की संयुक्त टीम मामले की गहन जांच कर रही है ताकि पूरे रैकेट का खुलासा किया जा सके।
