कानपुर

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, तेज रफ्तार कार की बस से जोरदार टक्कर, एक परिवार के तीन लोगों की मौत

उन्नाव में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह बस और कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। जिसमें कार सवार पिता और उसके दो बच्चों की मौत हो गई। इस हादसे में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं ट्रैवलर बस सवार करीब 26 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

Image

उन्नाव में कार और बस की टक्कर

Unnao Road Accident: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर मंगलवार सुबह भीषण सड़क हादसा हुआ। यहां बस और कार के बीच हुई टक्कर में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। हादसा आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे के बांगरमऊ में माइलस्टोन 229 के पास हुआ। बताया जा रहा है कि महाकुंभ से लौट रही श्रद्धालुओं से भरी बस की एक कार से आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार सवार मासूम भाई-बहन समेत पिता की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है। इसके अलावा ट्रैवलर बस सवार करीब 26 श्रद्धालु भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

लखनऊ से कन्नौज जा रही थी कार

जानकारी के अनुसार मृतक व्यक्ति सचिवालय में दीवान के पद पर कार्यरत था। कार सवार परिवार लखनऊ से कन्नौज जा रहा था, तभी उसकी कार डिवाइडर से टकराकर अनियंत्रित होकर विपरीत दिशा से आ रही बस से टकरा गई थी। इसी दौरान सामने से आ रही ट्रैवलर बस की कार से टक्कर हो गई। वहीं, घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। इसके साथ ही घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।

बांगरमऊ सर्किल ऑफिसर अरविंद चौरसिया ने हादसे की जानकारी देते हुए बताया कि मंगलवार सुबह साढ़े 5 बजे सूचना मिली थी कि ट्रैवलर बस और कार की टक्कर हुई है। मौके पर जाकर पता चला कि कार डिवाइडर को पार करके ट्रैवलर बस के सामने आ गई थी। ट्रैवलर के चालक ने कार को बचाने का प्रयास भी किया, लेकिन स्पीड होने के कारण हादसा हो गया।

कार की स्पीड अधिक होने से हादसा

उन्होंने कहा, "कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई है, जिनमें मृतक राघवेंद्र और उनका पांच वर्षीय तथा एक वर्षीय बच्चा शामिल है। राघवेंद्र सचिवालय में दीवान के पद पर कार्यरत थे। इस हादसे में घायल हुईं उनकी पत्नी की हालत गंभीर है। साथ ही ट्रैवलर बस में सवार लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।" वहीं, घायल कुलदीप शर्मा ने बताया कि वह प्रयागराज से लौट रहे थे, तभी एक कार की टक्कर हो गई। कार की स्पीड अधिक होने से यह हादसा घटित हुआ। ट्रैवलर बस में 25 से अधिक लोग सवार थे, जिन्हें चोट आई है। घायल अर्चना ने बताया कि महाकुंभ से लौटते समय उनकी गाड़ी की टक्कर हो गई। इस हादसे में कई लोग घायल हुए हैं, जिनमें कुछ बच्चों को भी चोटें आई हैं।

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article