Etawah Bus Accident: प्रयागराज में महाकुंभ में स्नान कर नोएडा जा रही बस हादसे का शिकार हो गई। इटावा में इस बस की एक ट्रक से टक्कर हो गई। इस हादसे में 2 महिलाओं की मौत हो गई और 23 यात्री घायल हो गए। यात्रियों के अनुसार बस ड्राइवर को नींद आने के कारण बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। घायलों में से 2 की हालत गंभीर है। जिन्हें इलाज के लिए सैफई रिफर किया गया है।
बस में सवार थे 25 यात्री
यह हादसा इटावा शहर के थाना फ्रेंड्स कॉलोनी क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर हुआ। बस में 25 यात्री सवार थे, जो महाकुंभ में गंगा स्नान कर वापस नोएडा लौट रहे थे। इसी दौरान इटावा में बस हादसे का शिकार हो गई। बस सवार 25 यात्रियों में से 23 लोग घायल हुए हैं। जिनमें 14 महिलाएं और 7 पुरुष शामिल हैं। इन घायलों को एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल में भेजा गया। जहां उनका इलाज चल रहा है।
बस चालक को नींद आने के कारण हुई टक्कर
बस में सवार एक महिला यात्री ने बताया कि वे लोग महाकुंभ से वापस लौट रहे थे और बस से वापस नोएडा जा रहे थे। रास्ते में उनकी बस एक ट्रक से टकरा गई। यात्री के अनुसार ड्राइवर को नींद आने की वजह से यह हादसा हुआ। एक अन्य यात्री ने बताया कि इस हादसे के समय वे सो रहे थे। वे अपने परिवार के साथ नोएडा के सेक्टर 128 से प्रयागराज में महाकुंभ मेला गए थे। वापस नोएडा लौटते समय बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
